मुहूज़ी कैनेरुगाबा, जो योवेरी मुसेवेनी के बेटे और युगांडा के आर्मी चीफ हैं, उन्होंने तुर्किए से एक बेहद विवादित मांग रखी है। उन्होंने कहा कि वे तुर्किए की सबसे खूबसूरत महिला से शादी करना चाहते हैं और साथ ही 1 बिलियन डॉलर (करीब 8400 करोड़ रुपये) की भी मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने तुर्किए को 30 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि अगर उनकी शर्तें पूरी नहीं की गईं तो युगांडा में तुर्किए का दूतावास बंद कर दिया जाएगा और दोनों देशों के राजनयिक संबंध खत्म हो सकते हैं।
तुर्किए से 1 अरब डॉलर की मांग
मुहूज़ी कैनेरुगाबा ने दावा किया है कि क्षेत्रीय सुरक्षा में युगांडा के योगदान को नजरअंदाज किया गया है, इसलिए देश को आर्थिक मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि युगांडा के सैनिक पिछले 20 सालों से सोमालिया में अल-शबाब जैसे आतंकी संगठनों के खिलाफ लड़ाई में शामिल हैं, लेकिन इसका फायदा दूसरे देश उठा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट करते हुए तुर्किए पर आरोप लगाया कि वह मोगादिशु में बंदरगाह और एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं से भारी मुनाफा कमा रहा है। इसी के चलते उन्होंने तुर्किए से 1 बिलियन डॉलर का सुरक्षा मुआवजा देने की मांग रखी और चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर दूतावास बंद किया जा सकता है।
शादी को लेकर भी दिया विवादित बयान
मुहूज़ी कैनेरुगाबा ने आर्थिक मांगों के साथ एक और विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि तुर्किए उन्हें देश की ‘सबसे खूबसूरत महिला’ से शादी के लिए उपलब्ध कराए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि उनके बयानों को सिर्फ सोशल मीडिया ड्रामा न समझा जाए, क्योंकि युगांडा और तुर्किए के बीच रिश्ते गंभीर मुद्दों से जुड़े हैं और इसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।
इज़रायल को समर्थन देने का दावा
मुहूज़ी कैनेरुगाबा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इज़रायल के प्रति समर्थन जताते हुए एक विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि वे अपनी कमान के तहत 1 लाख युगांडा सैनिकों को इज़रायल भेजने के लिए तैयार हैं, ताकि पवित्र भूमि की रक्षा की जा सके, जिसे उन्होंने धार्मिक आस्था से भी जोड़ा।
नागरिकों के लिए जारी चेतावनी
मुहूज़ी कैनेरुगाबा ने युगांडा के नागरिकों को सलाह दी है कि वे अपनी सुरक्षा को देखते हुए तुर्किए की यात्रा से बचें। उन्होंने तुर्किए पर भरोसा तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि युगांडा को ऐसे देशों की जरूरत नहीं है जो उसके साथ ईमानदारी से साझेदारी न निभाएं।
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
मुहूज़ी कैनेरुगाबा पहले भी अपने ऐसे विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। अक्टूबर 2022 में उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि वे जॉर्जिया मेलोनी से शादी करने के बदले 100 अंकोले गायें देने को तैयार हैं, जिन्हें उन्होंने दुनिया की सबसे खूबसूरत गायें बताया था।
Keywords: Muhwezi Kainerugaba, Uganda Turkey Controversy, Uganda Army Chief Statements, Turkey Diplomatic Relations Uganda

