कभी खाने के लिए, तो कभी शराब और दहेज के लिए शादी टूटने के किस्से हम सभी कई बार सुन चुके हैं। लेकिन क्या आपने देखा है कि पालतू कुत्ते की वजह से भी कोई शादी टूट गई हो? यह सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन यह सच है। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा से सामने आया है, जहां पालतू कुत्ते को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। इस घटना में आठ लोग घायल हो गए हैं।
लड़की वाले प्रयागराज के हैं और शादी के दौरान उनके साथ पालतू कुत्ता भी था। जब शादी की रस्में पूरी हो रही थीं, उसी दौरान लड़कीवालों ने बारात में पालतू कुत्ते को खुला छोड़ दिया। इस पर लड़के वालों में से कुछ लोगों ने कुत्ते को बांधने की बात कही, लेकिन बातों ही बातों में विवाद खड़ा हो गया।
कुत्ते के भौंकने पर विवाद
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुत्ता कुछ बारातियों को देखकर उन पर भौंकने लगा और काटने के लिए दौड़ पड़ा। इसके बाद उसे बांधने की सलाह दी गई। हालांकि, विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान आठ लोग घायल हो गए। बाद में दोनों पक्षों ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद मामला पुलिस स्टेशन पहुंच गया।
लव मैरिज के बाद हो रही थी शादी
युवक ने अपनी पसंद की युवती से प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी समारोह के दौरान दोनों परिवारों के बीच एक मामूली बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि विवाह समारोह में पालतू कुत्ते को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खागा कोतवाली तक पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों ने अलग-अलग तहरीर देते हुए एक-दूसरे पर आरोप लगाए और शादी से इनकार कर दिया।
लड़के के परिजनों का कहना है कि युवक का प्रयागराज की एक युवती से कई वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों ने पहले मंदिर में विवाह किया और बाद में कानूनी तौर पर कोर्ट मैरिज भी की। इसके बाद दोनों परिवार सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने पर राजी हुए थे, लेकिन ताजा विवाद के बाद रिश्तों में खटास आ गई।
Keywords: Pet Dog Wedding Fight, Marriage Cancelled Over Dog, Viral News, UP News

