Harmanpreet Kaur: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कैनबरा के मनुका ओवल में खेले गए दूसरे महिला टी20 मैच में टीम इंडिया को 19 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बावजूद सीरीज 1-1 से बराबर हो गई, और अब सीरीज का आखिरी मैच 21 फरवरी को खेला जाएगा। हालांकि, भारतीय टीम के लिए यह मैच जीत का नहीं था, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन साबित हुआ। जैसे ही उन्होंने मैदान पर कदम रखा, उन्होंने सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हरमनप्रीत अब इस रिकॉर्ड के साथ सर्वाधिक इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर बन गई हैं।
हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा सूजी बेट्स का रिकॉर्ड
हरमनप्रीत कौर ने भारत के लिए 356वां इंटरनेशनल मैच खेलते हुए न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के 355 मैचों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब वह ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (349 मैच) और भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज (333 मैच) से भी आगे हैं। इंग्लैंड की शार्लोट एडवर्ड्स 309 मैचों के साथ टॉप-5 में शामिल हैं। 2009 में अपने करियर की शुरुआत करने वाली हरमनप्रीत ने अब तक 6 टेस्ट, 161 वनडे और 189 टी20 मुकाबले खेले हैं।
3⃣5⃣6⃣* matches of utmost commitment and determination 🫡
— BCCI Women (@BCCIWomen) February 19, 2026
Congratulations to #TeamIndia captain Harmanpreet Kaur on becoming the most-capped international player in women’s cricket 👏👏 #AUSvIND | @ImHarmanpreet pic.twitter.com/wMfgOE6AFU
हरमनप्रीत कौर पद्म श्री से सम्मानित
अपने शानदार करियर में हरमनप्रीत कौर ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 2025 में पहला वनडे वर्ल्ड कप दिलवाया और हाल ही में इंग्लैंड में टी20 सीरीज भी जीतकर टीम को गौरव दिलाया। इस महीने की शुरुआत में, भारतीय क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें ‘पद्म श्री’ से नवाजा गया।
जॉर्जिया वोल और बेथ मूनी की रिकॉर्ड साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया की जीत
गुरुवार को हुए दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने भारत को 19 रन से हराया। जॉर्जिया वोल (88) और बेथ मूनी (46) के बीच पहले विकेट के लिए 128 रन की रिकॉर्ड साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया को मजबूत शुरुआत दी। इस साझेदारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 163 रन बनाकर भारत के सामने चुनौती पेश की।
भारत की मजबूत शुरुआत के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी ने पलटा मैच का रुख
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन अंत में 20 ओवर में नौ विकेट पर 144 रन ही बना सका। हरमनप्रीत कौर (36), स्मृति मंधाना (31) और शेफाली वर्मा (29) ने अहम योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी में एश्ले गार्डनर ने 22 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि किम गार्थ, अनाबेल सदरलैंड और कप्तान सोफी मोलिनू ने दो-दो विकेट हासिल किए। भारत का स्कोर नौवें ओवर में एक विकेट पर 65 रन था, लेकिन फिर अचानक सात रन के अंदर छह विकेट गिर गए, जिससे मैच का पलड़ा ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में चला गया।
Keywords: Harmanpreet Kaur World Record, India Vs Australia Women’S T20, Padma Shri Harmanpreet Kaur, Women’S T20 Record Partnership

