पंजाब: गणतंत्र दिवस से ठीक पहले पंजाब पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की। होशियारपुर जिले में पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश वक्त रहते पकड़ ली। शुरुआती जांच में पता चला है कि आतंकी गणतंत्र दिवस पर किसी बड़े हमले की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हैं। इनके पास से करीब 2.5 किलो आरडीएक्स से बना एक ताकतवर IED मिला, जो अगर फट जाता तो भारी तबाही मचा देता। साथ ही दो पिस्तौल भी बरामद हुई हैं।
पुलिस ने चारों आतंकी को किया गिरफ्तार
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पकड़े गए आतंकियों के नाम दिलजोत सिंह, हरमन सिंह उर्फ हैरी, अजय उर्फ महिरा और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंडोला हैं। ये सब एसबीएस नगर के राहों इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि ये एक संगठित मॉड्यूल की तरह काम कर रहे थे और इन्हें हथियार और विस्फोटक हासिल करना कोई मुश्किल काम नहीं था। अब एजेंसियां पता लगा रही हैं कि ये धमाका कहां और कैसे करने वाले थे।
अमेरिका-पाकिस्तान से जुड़े है तार
जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। इस पूरी साजिश के पीछे अमेरिका में बैठे बब्बर खालसा के हैंडलर थे। वो लगातार इनसे संपर्क में थे और हर कदम पर इन्हें गाइड कर रहे थे। वहीं, विस्फोटक और बाकी सामान पाकिस्तान की ISI के जरिए पहुंचाया गया। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इनका मकसद पंजाब की शांति और भाईचारे को बिगाड़ना था। ये लोग टारगेटेड किलिंग और धमाकों से राज्य में डर फैलाना चाहते थे।
खुफिया सूचना से मिली सफलता
इस ऑपरेशन की बड़ी बात ये रही कि पुलिस को सही वक्त पर खुफिया सूचना मिल गई। होशियारपुर के एसएसपी संदीप मलिक ने बताया कि होशियारपुर पुलिस और सीआई जालंधर की टीमों ने मिलकर ये कार्रवाई की। पूरा ऑपरेशन बहुत सतर्कता और प्लानिंग के साथ किया गया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी न हो। फिलहाल चारों आतंकियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की तलाश हो रही है। पुलिस ये भी जांच रही है कि इनके पीछे कौन-कौन से लोकल या इंटरनेशनल लिंक एक्टिव थे।
Keywords: Punjab Terror Module, Babbar Khalsa International, Republic Day Security, RDX IED Recovery, Punjab Police Operation

