कोल्हापुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शरद पवार ने स्पष्ट किया कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राजनीति से संन्यास लेने की नसीहत देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं खुद 85 वर्ष का हूं और अब भी सक्रिय हूं। ऐसे में मैं मोदी जी से कैसे कह सकता हूं कि वे 75 की उम्र में राजनीति छोड़ दें?” उन्होंने याद दिलाया कि मोदी उनके 75वें जन्मदिन पर स्वयं शुभकामनाएं देने आए थे और अब उन्होंने भी बिना किसी राजनीतिक कटाक्ष के मोदी को बधाई दी। पवार ने यह भी कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत अवसरों पर कटुता नहीं होनी चाहिए और यह परंपरा यशवंतराव चव्हाण के मूल्यों से प्रेरित है।
किसानों की दुर्दशा पर की सरकार से अपील
शरद पवार ने महाराष्ट्र में भारी बारिश और बाढ़ से बिगड़े हालात पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खेती-बाड़ी को भारी नुकसान हुआ है, कई जगह ज़मीन बह गई और सोयाबीन जैसी फसलें तबाह हो गईं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अखबारों में छपे ‘देवाभाऊ’ विज्ञापन पर प्रतिक्रिया देते हुए पवार ने कहा कि शिवाजी महाराज किसानों के साथ खड़े रहते थे और सरकार को भी वही जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि सीएम को तुरंत पंचनामा कराना चाहिए और प्रभावित किसानों को मुआवजा मिलना चाहिए।
मराठा-ओबीसी आरक्षण पर सौहार्द की अपील
महाराष्ट्र में चल रहे मराठा और ओबीसी आरक्षण विवाद पर पवार ने कहा कि हालात कड़वाहट की ओर बढ़ रहे हैं, खासकर मराठवाड़ा क्षेत्र के परभणी, बीड और धाराशिव में। उन्होंने बताया कि दोनों समुदायों के बीच इतना तनाव है कि लोग एक-दूसरे के होटलों में जाना तक पसंद नहीं कर रहे। पवार ने सरकार से अपील की कि यदि आरक्षण के मसले पर कैबिनेट उपसमिति बनती है तो उसमें एक ही जाति के नेताओं को शामिल न किया जाए। उन्होंने शहू महाराज की सोच को आज भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और समान अवसर के मूल्यों को बनाए रखना बेहद ज़रूरी है।
चुनाव आयोग और महा विकास आघाड़ी पर दिए संकेत
शरद पवार ने महा विकास आघाड़ी (एमवीए) की रणनीति पर कहा कि स्थानीय और नगर निकाय चुनावों में गठबंधन कभी साथ और कभी अलग-अलग चुनाव लड़ेगा। उन्होंने संकेत दिया कि उद्धव और राज ठाकरे अगर साथ आते हैं तो गठबंधन की ताकत बढ़ेगी। वहीं, चुनाव आयोग पर उठते सवालों को लेकर उन्होंने कहा कि देश में आयोग के फैसलों को लेकर असंतोष है। 300 सांसदों का सड़क पर उतरना कोई साधारण घटना नहीं है और चुनाव आयोग को अपनी विश्वसनीयता बढ़ानी होगी। पवार ने राहुल गांधी के हालिया आरोपों का ज़िक्र करते हुए कहा कि आयोग को पारदर्शिता और जनता का भरोसा बढ़ाने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
Keywords – Sharad Pawar, Narendra Modi, PM Modi 75th Birthday, Retirement Age In Politics, NCP(SP), Yashwantrao Chavan, Devendra Fadnavis, Shivaji Maharaj, Farmers Support, Maratha Reservation, OBC Reservation, Kunbi Certificate

