गोवा के एक नाइट क्लब हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी। क्लब के भीतर लगी आग ने पलक झपकते ही मनोरंजन के माहौल को मातम में बदल दिया। इस अग्निकांड के बाद सूबे की सरकार हरकत में आ गई और धरपकड़ शुरू कर दी। वहीं इसी मामले के आरोपी लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड में गिरफ्तार कर लिया गया है। अग्निकांड के बाद लूथरा ब्रदर्स भारत छोड़कर थाईलैंड भाग गए थे, जिसके बाद उनका पासपोर्ट निलंबित कर दिया गया था। पासपोर्ट रद्द होने के बाद दोनों भाइयों को तुरंत थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया।
अग्निकांड के बाद गोवा के मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि इस घटना के दोषियों को नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने लूथरा ब्रदर्स के पासपोर्ट रद्द करने की बात भी कही थी।
छह दिसंबर को लगी थी आग
बता दें कि गोवा के बिर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में छह दिसंबर की रात पार्टी का माहौल था। लोग गानों पर थिरक रहे थे, लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह माहौल कुछ ही पलों में बदल जाएगा और जीवनभर का दुख दे जाएगा। अचानक क्लब में आग लग गई और चारों ओर अफरातफरी मच गई। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी।
गौरतलब है कि हादसे के बाद सीएम प्रमोद सावंत ने जांच के आदेश दिए थे। क्लब के चार मालिकों में से एक अजय गुप्ता, जो दिल्ली का रहने वाला है, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
क्लब पर चला बुलडोजर
क्लब में लगी भीषण आग से 25 लोगों की मौत के बाद मामला गरमा गया। जहां एक तरफ विपक्ष सरकार को घेरने लगा, वहीं गोवा सरकार एक्शन मोड में आ गई और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के आदेश पर बिर्च बाय रोमियो लेन क्लब के एक बड़े हिस्से पर बुलडोज़र चलाकर उसे तोड़ दिया गया।
Keywords: Goa Nightclub Fire, Birch By Romeo Lane, Goa Fire Incident, Nightclub Blaze Goa, Goa, Luthra Brothers, Thailand, Goa, CM Pramod Sawant

