बिहार की राजनीति में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। चर्चा है कि नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति की ओर रुख कर सकते हैं, जबकि उनके बेटे निशांत कुमार को राज्य में डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
अब तक अटकलें थीं कि निशांत कुमार राज्यसभा के जरिए अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करेंगे और उनका नाम लगभग तय माना जा रहा था। हालांकि, हालिया घटनाक्रम ने सियासी चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के दिल्ली से पटना लौटने के बाद यह कयास तेज हो गए हैं कि खुद नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं।
यदि नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए राज्यसभा सदस्य बनते हैं, तो बिहार में मुख्यमंत्री पद खाली हो जाएगा। ऐसी स्थिति में राज्य की राजनीति में बड़ा फेरबदल संभव है और भाजपा अपने नेतृत्व में नया मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश कर सकती है।
जानें कौन हैं निशांत कुमार
जन्म और परिवार: निशांत कुमार का जन्म 20 जुलाई 1975 को बिहार में हुआ। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंजु सिन्हा के इकलौते बेटे हैं। उनकी मां का निधन वर्ष 2007 में हो गया था।
शिक्षा: उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई पटना के सेंट कैरेन स्कूल से की। इसके बाद मसूरी के मानव भारती इंडिया इंटरनेशनल स्कूल से आगे की शिक्षा प्राप्त की।
विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद से निशांत कुमार की सक्रियता बढ़ी है। इसके बाद से उनके राजनीति में औपचारिक प्रवेश को लेकर कयास तेज हो गए थे। कई मौकों पर पिता-पुत्र को एक साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में देखा गया। फिलहाल, इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
Keywords: Nitish Kumar, Nishant Kumar, Bihar Politics, Rajya Sabha News, JDU Update, Bihar CM News, Deputy CM Speculation, NDA Bihar

