बिग बॉस 19 में आए दिन नए विवाद और झगड़े सुर्खियों में रहते हैं। अब इस शो की कंटेस्टेंट फरहाना भट्ट और सिंगर अमाल मलिक के परिवार से जुड़ा मामला कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है। फरहाना भट्ट के परिवार ने अमाल मलिक की बुआ रोशन गैरी भिंदर के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया है। परिवार ने लीगल नोटिस भेजकर न केवल सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की है, बल्कि एक करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की है।
दरअसल, हाल ही में अमाल मलिक की बुआ ने एक इंटरव्यू में फरहाना को आतंकवादी और शैतान जैसे शब्दों से संबोधित किया था। उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर काफी विवाद खड़ा कर दिया। अब फरहाना के परिवार ने इस टिप्पणी को अपमानजनक और सांप्रदायिक बताते हुए कानूनी कार्रवाई की है।
फरहाना भट्ट की टीम ने एक प्रेस नोट जारी कर इस पूरे मामले की जानकारी दी है, जिसे फरहाना के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी साझा किया गया। प्रेस नोट में कहा गया है कि फरहाना, जो एक नेशनल लेवल ताइक्वांडो एथलीट और वर्तमान में ‘बिग बॉस 19’ की प्रतिभागी हैं, उन्होंने इस तरह की टिप्पणियों से गहरी मानसिक पीड़ा और आक्रोश व्यक्त किया है।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि अमाल मलिक की बुआ द्वारा की गई टिप्पणियां न केवल फरहाना की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि उनकी गरिमा और सम्मान पर भी सीधा प्रहार करती हैं। परिवार ने आगे लिखा है कि वे किसी भी प्रकार की बदनामी, कीचड़ उछालने या ऑनलाइन विवाद में नहीं पड़ना चाहते, बल्कि कानूनी और गरिमापूर्ण तरीके से जवाब देना उनका उद्देश्य है।
नोटिस में तीन मुख्य मांगें रखी गई हैं
- उस अपमानजनक इंटरव्यू वीडियो को तुरंत इंटरनेट से हटाया जाए।
- रोशन गैरी भिंदर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
- मानसिक पीड़ा और प्रतिष्ठा को हुए नुकसान के लिए ₹1 करोड़ का मुआवजा दिया जाए।
परिवार की ओर से जारी बयान में यह भी बताया गया है कि नोटिस की कॉपियां राष्ट्रीय महिला आयोग और महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग को भी भेज दी गई हैं।
गौरतलब है कि अमाल मलिक की बुआ रोशन गैरी भिंदर ने एक इंटरव्यू में फरहाना भट्ट को लेकर कहा था , “शैतान, टेररिस्ट… सॉरी, मैं यह नहीं कहना चाहती, लेकिन वो जो होते हैं ना राक्षस लोग, जो लोगों का खून पीने के बाद हंसते हैं वही है ये।” यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ, जिसके बाद फरहाना के परिवार ने इसे उनकी छवि धूमिल करने की साजिश बताया।
बिग बॉस 19 में कुछ हफ्ते पहले एक कैप्टेंसी टास्क हुआ था। इस टास्क में घरवालों को अपने परिवार के सदस्यों की चिट्ठियां दी जानी थीं। टास्क के नियमों के अनुसार, अगर कोई कंटेस्टेंट किसी दूसरे कंटेस्टेंट की चिट्ठी फाड़ देता, तो वह कैप्टेंसी की रेस में शामिल हो जाता। इसी दौरान फरहाना भट्ट ने नीलम की चिट्ठी फाड़ दी, जिससे अमाल मलिक बुरी तरह भड़क गए। झगड़ा इतना बढ़ गया कि अमल ने गुस्से में फरहाना की खाने की प्लेट उठा ली और खाना भी फेंक दिया था। उसी घटना के बाद से दोनों के बीच रिश्ते बेहद तनावपूर्ण हो गए और शो के बाहर भी यह विवाद बढ़ता चला गया। अब जब यह मामला कानूनी रूप ले चुका है, तो देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में फरहाना और अमल अमाल के परिवार के बीच यह विवाद किस दिशा में जाता है।
Keywords: Farhana Bhatt, Amaal Malik Aunt, Roshan Gerry Bhinder, Defamation Case, Bigg Boss 19 Controversy, Legal Notice, ₹1 Crore Compensation

