मिर्ज़ापुर (उत्तर प्रदेश) के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस घटना की जानकारी देते हुए मिर्ज़ापुर की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि शाम करीब 8:30 बजे भैसोड़ बलाय पहाड़ क्षेत्र, जिसे ड्रमंडगंज घाटी का उतार भी कहा जाता है, से दुर्घटना की सूचना मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि पीछे से आ रहा एक ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने के कारण सामने चल रहे दूसरे ट्रक से जा भिड़ा। इस जोरदार टक्कर के बीच एक अल्टो कार दोनों ट्रकों के बीच फंस गई। इसी दौरान एक अन्य वाहन भी हादसे की चपेट में आ गया, जिसमें आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसा ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बड़का घुमान मोड़ पर हुआ, जो पहले से ही खतरनाक मोड़ों के लिए जाना जाता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।
सीएम योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
हादसे की वजह क्या रही?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घाटी में नीचे उतरते समय गिट्टी से भरा एक ट्रेलर आगे चल रहा था। उसके पीछे एक कार, फिर दाल से लदा ट्रक और उसके पीछे बोलेरो सवार लोग आ रहे थे। इसी दौरान दाल लदे ट्रक के ब्रेक फेल हो गए, जिससे उसने आगे चल रही गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे ट्रेलर में जा घुसी और बोलेरो में आग लग गई। आग की चपेट में आने से उसमें सवार कई लोग झुलस गए। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
Keywords: Mirzapur Accident, UP Road Accident, Truck Brake Fail, 11 Dead, Drummondganj Accident, Mirzapur News, UP Accident News

