महिला वनडे विश्व कप 2025 में भारत की जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में टीम इंडिया ने वह मुकाम हासिल किया, जिसका सभी को लंबे समय से इंतजार था। इसी बीच, एक अफ्रीकी क्रिकेट कंटेंट क्रिएटर का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने भारत की जीत की असली वजह को “विश्वास और जुनून” बताया। उनका मानना है कि यह जीत सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि पहले ही सड़कों और लोगों के दिलों में तय हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि हर भारतीय के चेहरे पर यह विश्वास दिखाई दे रहा था। यही फीलिंग इंडियन टीम को फाइनल तक लेकर गई और उनको जीत दिलाई। साथ ही उन्होंने साउथ अफ्रीका के हारने के पीछे की वजह भी बताई।
“भारत में क्रिकेट खेल नहीं, संस्कृति है”
उस अफ्रीकी क्रिएटर Thanja Vuur (@cape_town_cricket_queen) ने कहा कि भारत में क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि एक संस्कृति है। उन्होंने बताया, “भारत में क्रिकेट नाश्ता, दोपहर और रात का खाना है,” यानी यह देश हर पल क्रिकेट के साथ जीता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के पूर्व खिलाड़ी जैसे सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा और वीवीएस लक्ष्मण स्टेडियम में मौजूद थे, जो खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम के लिए यह अनुभव अलग था, क्योंकि उनके पुराने खिलाड़ी, मेंस क्रकेटर्स या स्पोर्ट्स मंत्री वहां मौजूद नहीं थे। उन्होंने निष्कर्ष निकाला, “यही फर्क है, भारत हमेशा अपने खिलाड़ियों के साथ खड़ा रहता है।” अंत में उन्होंने कहा ‘भारत यह डिज़र्व करता है।’
‘यह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि एक भावना है’
भारत की इस जीत ने साबित कर दिया कि जब एक देश अपने खिलाड़ियों पर भरोसा करता है, तो मुश्किल चीज़ें भी संभव हो जाती हैं। यह जीत सिर्फ महिला टीम की नहीं, बल्कि पूरे भारत के उस आत्मविश्वास की है जो हर पीढ़ी में बसा है। इस बारे में अफ्रीकी क्रिएटर ने कहा, “आज मुझे यकीन हुआ कि भारत क्रिकेट को जीता है, यह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि एक भावना है।” सचमुच, यह जीत केवल ट्रॉफी जीतने तक सीमित नहीं है; यह दुनिया के लिए एक प्रेरणा है कि सच्चा विश्वास और समर्थन ही सबसे बड़ी ताकत होती है।
Keywords: India Women’S Cricket Team, ICC Women’S World Cup 2025, African Creator Reaction, South Africa Vs India, Women In Sports

