फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने एआई (AI) से बनाई जा रही फिल्म ‘चिरंजीवी हनुमान द इटरनल’ के निर्माता विजय सुब्रमण्यम पर तीखा हमला बोला है। यह फिल्म अबुंदंतिया एंटरटेनमेंट और कलेक्टिव मीडिया नेटवर्क के हिस्ट्रीवर्स बैनर तले बनाई जा रही है और इसे भारत की पहली Made-in-AI थिएट्रिकल रिलीज बताया जा रहा है।
अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए सुब्रमण्यम की आलोचना की और सवाल उठाया कि जो व्यक्ति कलाकारों लेखकों, निर्देशकों और अभिनेताओं का प्रतिनिधित्व करने वाली एजेंसी का नेतृत्व करता है, वही अब ऐसी फिल्म बना रहा है जिसमें क्रिएटर्स की कोई भूमिका ही नहीं है।
उन्होंने लिखा, “बधाई हो@vijaysubramaniam84, कलाकारों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाला व्यक्ति अब एआई से फिल्म बना रहा है। यही है इन एजेंसियों की असलियतसिर्फ पैसे कमाना, न कि क्रिएटिविटी को बढ़ावा देना।”कश्यप ने आगे कहा कि एआई को बढ़ावा देना इस बात का सबूत है कि असली कलाकारों को कमतर समझा जा रहा है। उन्होंने कलाकारों से अपील की कि अगर उनमें हिम्मत है तो या तो सुब्रमण्यम से सवाल करें या फिर उनकी एजेंसी छोड़ दें।
उन्होंने तीखे शब्दों में लिखा, “इससे साफ है कि उन्हें लगता है कलाकार एआई के सामने कुछ नहीं हैं। जिनमें रीढ़ है, वे इस एजेंसी का हिस्सा नहीं रहेंगे। यह हिंदी सिनेमा का डरपोक और कमजोर कलाकारों वाला भविष्य है। विजय सुब्रमण्यम, तुम्हारे लिए शर्म भी काफी नहीं तुम्हें नाली में होना चाहिए।”
अनुराग कश्यप से पहले फिल्ममेकर विक्रमादित्य मोटवाने ने भी इस प्रोजेक्ट पर तंज कसा था। पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “तो शुरुआत हो गई… जब सब कुछ ‘Made in AI’ है, तो लेखकों और निर्देशकों की जरूरत ही क्या है।”
फिल्म का पोस्टर मंगलवार को रिलीज किया गया था। मेकर्स ने इसे पहली बार, Made-in-AI Made-in-India अवतार के रूप में पेश किया। यह फिल्म 2026 में हनुमान जयंती के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Keywords – Anurag Kashyap, Vijay Subramaniam, Chiranjeevi Hanuman Controversy, Bollywood Controversy

