राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी (RAS) छोटूलाल शर्मा सीएनजी पंपकर्मी को थप्पड़ मारने के बाद से लगातार चर्चा में हैं। उन्हें लेकर कई खबरें सामने आ चुकी हैं। थप्पड़ कांड के बाद अब उनकी पत्नी खुलकर सामने आई हैं और छोटूलाल शर्मा को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं।
पत्नी के मुताबिक, छोटूलाल शर्मा बेहद गुस्से वाले शख्स हैं। गुस्से में अक्सर उनका हाथ उठ जाता था और उनका खौफ इतना था कि मार के डर से बच्चे कुर्सी के नीचे तक छिपकर बैठ जाते थे। थप्पड़ मारने का आरोप लगने के बाद छोटूलाल शर्मा से जुड़ी कई खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके ऊपर इससे पहले भी कई बार दुर्व्यवहार के आरोप लग चुके हैं। फिलहाल, इस हरकत के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
पहली पत्नी पूनम ने क्या कहा
बता दें कि निलंबित होने से पहले RAS छोटूलाल शर्मा प्रतापगढ़ में लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग में कार्यरत थे। उनकी पहली पत्नी पूनम जखोड़िया भी मीडिया के सामने आईं और उन्होंने बताया कि उनकी शादी छोटूलाल शर्मा से साल 2008 में हुई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि शादी के बाद दोनों करीब 10 से 12 साल तक साथ रहे, लेकिन उनके बीच दूरी तब आने लगी जब छोटूलाल शर्मा का चयन राजस्थान प्रशासनिक सेवा में हुआ। इसके बाद उनका व्यवहार बदल गया और दोनों में दरार आ गई। पूनम ने बताया कि उन्होंने 18 जनवरी 2022 को छोटूलाल शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई थी।
क्या था पूरा CNG विवाद
दरअसल, मामला मंगलवार रात जसवंतपुरा के एक सीएनजी पेट्रोल पंप का है। यहां एसडीएम छोटूलाल शर्मा अपने परिवार के साथ ईंधन भरवाने पहुंचे थे। नंबर लगने के बाद किसी बात को लेकर उनकी पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों से तू-तू, मैं-मैं हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सबसे पहले एसडीएम छोटूलाल शर्मा एक कर्मचारी को थप्पड़ मारते हैं, जिसके बाद वहां मौजूद कर्मचारी ने भी एसडीएम पर हमला कर दिया। मामला पुलिस स्टेशन तक पहुंच गया, जहां उनकी दूसरी पत्नी दीपिका व्यास ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
Keywords: RAS Officer Chhotulal Sharma, CNG Pump Slap Case, Viral Video, Administrative Service

