मुंबई: नगरपालिका चुनाव आते ही महाराष्ट्र की राजनीति का पारा चढ़ गया है। मुंबई समेत 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव सिर पर हैं, और हर बड़ा दल मतदाताओं को लुभाने में जुटा है, कहीं जनसभाएं, कहीं रैलियां, तो कहीं इंटरव्यू के जरिए। इसी माहौल में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के राज ठाकरे और शिवसेना (UBT) के उद्धव ठाकरे एक साथ सामने आए। दोनों ने सामना अखबार को संयुक्त इंटरव्यू दिया। दिलचस्प ये रहा कि सिर्फ दोनों की मौजूदगी ही नहीं, बल्कि बातचीत का खुलापन भी चर्चा में रहा। सवाल-जवाब की कमान शिवसेना के सांसद संजय राउत ने संभाली थी।
हिंदुत्व विरोधी पर राज ठाकरे की दो टूक
जब संजय राउत ने उन पर हिंदुत्व विरोधी होने के आरोपों का जिक्र किया, तो राज ठाकरे अपने साफ-सुथरे अंदाज में बोले, किसी धर्म या आस्था पर सवाल उठाना हिंदुत्व के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं मंदिर जा सकता हूं, माथा टेक सकता हूं, लेकिन गंगा का पानी पीने से मना कर सकता हूं।” उनकी कहना है, आस्था हो, लेकिन तर्क और स्वच्छता भी जरूरी है। राज ठाकरे ने साफ कहा कि गंगा जहां से शुरू होती है, वहां का पानी शायद पीने लायक हो, लेकिन जो हिस्से प्रदूषित हैं, उनके बारे में सवाल करना गलत नहीं है। वैसे भी, गंगा की सफाई और पानी की गुणवत्ता पर वे पहले भी सवाल उठा चुके हैं।
राज ठाकरे का ‘मराठी मुसलमान’ का मुद्दा
राज ठाकरे बोले, जैसे हर राज्य का हिंदू अपनी संस्कृति से जुड़ा है, वैसे ही हर राज्य का मुसलमान भी अलग है। महाराष्ट्र में जो मुसलमान पीढ़ियों से बसे हैं, वे मराठी मुसलमान हैं वे मराठी बोलते हैं, यहीं की संस्कृति में रचे-बसे हैं। उन्होंने 2009-10 के उस आंदोलन की भी याद दिलाई, जब उनकी पार्टी ने हज कमेटी में यूपी-बिहार के दबदबे के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनका कहना था कि उस वक्त मराठी मुसलमानों के साथ भेदभाव हो रहा था।
उद्धव ठाकरे की टिप्पणी
अब उद्धव ठाकरे की बात पर गौर करें। उन्होंने बताया कि हाल ही में वे एक मुस्लिम उम्मीदवार के दफ्तर गए थे। उनका ये बयान शिवसेना (UBT) की बदलती सोच और समावेशी राजनीति का इशारा देता है। राज ठाकरे ने भी क्रिकेटर जहीर खान का उदाहरण दिया, बताया कि जहीर खान संगमनेर के मराठी मुसलमान हैं, और जब भी उनसे मिलते हैं, बातचीत मराठी में ही होती है। इस मिसाल के जरिए राज ठाकरे ने साफ किया कि भाषा और संस्कृति ही असली कड़ी है, जो लोगों को जोड़ती है।
Keywords: Raj Thackeray, Uddhav Thackeray, Mumbai BMC Election 2026, Maharashtra Politics, Marathi Muslim, Hindutva Debate, Sanjay Raut Interview

