मुंबई: महाराष्ट्र में बीएमसी (BMC) समेत 29 महानगरपालिकाओं के लिए मतदान की तारीख अब नज़दीक है। 15 जनवरी को इन सभी नगर निगमों में वोटिंग होगी और इसी के साथ आज उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार का आख़िरी दिन है। इस बार का चुनाव बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। जनता का भरोसा किसने और कितना जीता है, इसका फैसला 16 जनवरी को आएगा।
अगर बीएमसी चुनाव की बात करें तो यहां कुल 227 वार्ड हैं। इन 227 वार्डों में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की संख्या करीब 1,700 है। वहीं लातूर नगर निगम चुनाव में कुल 359 उम्मीदवार अपनी किस्मत आज़मा रहे हैं, जबकि ठाणे नगर निगम चुनाव में 649 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं।
बीएमसी चुनाव में दलों के बीच कांटे की टक्कर
इस बार बीएमसी चुनाव में बीजेपी और शिवसेना (शिंदे गुट) एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी ने 137 सीटों पर, जबकि शिवसेना (शिंदे) ने 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके साथ ही अजित पवार की एनसीपी (NCP) भी ‘महायुति’ का हिस्सा है।
कांग्रेस और वीबीए साथ मैदान में
बीएमसी चुनाव में कांग्रेस और बी.आर. आंबेडकर के पोते प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) भी मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस 150 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि वीबीए ने 62 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। शेष सीटें आरपीआई को दी गई हैं।
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की जोड़ी
इस बार के चुनाव में लंबे समय से चले आ रहे आपसी मतभेद भुलाकर मनसे और उद्धव ठाकरे की शिवसेना एक साथ मैदान में उतरी हैं। राज ठाकरे आक्रामक अंदाज़ में चुनाव प्रचार कर रहे हैं और आज प्रचार के आख़िरी दिन पूरी ताकत झोंक दी गई है।
गौरतलब है कि बीजेपी, उद्धव ठाकरे की शिवसेना, एकनाथ शिंदे की शिवसेना, कांग्रेस, शरद पवार और अजित पवार—सभी दलों ने बीएमसी चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
Keywords: Maharashtra Nikay Chunav 2026, Devendra Fadnavis, Sharad Pawar, BMC Election 2026, Maharashtra Sarkar

