रणबीर कपूर इन दिनों निर्देशक नितेश तिवारी की मेगा फिल्म ‘रामायण’ की तैयारियों में व्यस्त हैं। यह फिल्म दो भागों में बनाई जा रही है और अगले दो सालों में रिलीज होगी। रणबीर भगवान श्री राम का किरदार निभाने जा रहे हैं। हालांकि, उनकी कास्टिंग को लेकर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर विवाद चल रहा है। कई लोग रणबीर के पुराने बयानों और फिल्मों का हवाला देते हुए उन्हें भगवान का किरदार निभाने के लिए अनुपयुक्त बता रहे हैं।
लेकिन अब इस विवाद पर आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु ने रणबीर कपूर का समर्थन किया है। उन्होंने साफ कहा कि किसी अभिनेता को उसके पिछले किरदारों के आधार पर जज करना गलत है।
सद्गुरु ने रणबीर कपूर को किया सपोर्ट
हाल ही में फिल्ममेकर नमित मल्होत्रा के साथ बातचीत के दौरान सद्गुरु ने रणबीर के खिलाफ हो रही आलोचना पर प्रतिक्रिया दी। नमित ने कहा, “लोग अतीत की बातें निकालकर सवाल कर रहे हैं कि रणबीर कपूर रामायण में श्रीराम का किरदार कैसे निभा सकते हैं।”इस पर सद्गुरु ने कहा,
“यह किसी अभिनेता के प्रति अन्याय है। अगर उसने अतीत में किसी और रूप में अभिनय किया है, तो क्या वह राम नहीं बन सकता? वह एक कलाकार है आज वह राम बनेगा, कल किसी और फिल्म में रावण भी बन सकता है। यही तो अभिनय है।”
रावण के रूप में यश की तारीफ
सद्गुरु ने फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे यश की भी तारीफ की। उन्होंने कहा,“यश एक बहुत ही सुंदर इंसान हैं।” नमित मल्होत्रा ने भी उनकी बात का समर्थन करते हुए कहा, “यश एक बेहद प्रतिभाशाली सुपरस्टार हैं। रावण के सभी पहलुओं उनकी भक्ति, ज्ञान और गहराईको पर्दे पर दिखाने की क्षमता सिर्फ यश में है।”
रणबीर ने अपनाया सात्विक जीवन
सितंबर 2025 में खबरें आईं कि रणबीर कपूर ने ‘रामायण’ के लिए अपनी लाइफस्टाइल में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने अपने किरदार की आध्यात्मिकता को महसूस करने के लिए सात्विक आहार, सुबह जल्दी वर्कआउट, और ध्यान (मेडिटेशन) को अपनी दिनचर्या में शामिल किया है।
सूत्रों के अनुसार, रणबीर ने शराब पूरी तरह छोड़ दी है और अब शुद्ध शाकाहारी बन गए हैं।
रामायण’ की रिलीज डेट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के पहले भाग का प्रोडक्शन लगभग पूरा हो चुका है। ‘रामायण’ को वैश्विक स्तर पर रिलीज करने की योजना है।
पार्ट 1 दिवाली 2026 में रिलीज होगा। पार्ट 2 दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। सद्गुरु के समर्थन के बाद रणबीर कपूर की कास्टिंग को लेकर चल रही नकारात्मक चर्चाओं पर अब विराम लगने की उम्मीद है। ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है, जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे सितारे अपनी भूमिकाओं में दर्शकों को एक नई आध्यात्मिक यात्रा पर ले जाने के लिए तैयार हैं।
Keywords: Sadhguru Supports Ranbir Kapoor, Ramayanam Movie, Yash As Ravana, Ranbir Kapoor As Lord Ram

