मुंबई: बॉलीवुड की दमदार अभिनेत्री रानी मुखर्जी एक बार फिर पर्दे पर अपने चर्चित किरदार शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में लौट रही हैं। मेकर्स ने हाल ही में फिल्म ‘मर्दानी 3’ का नया ट्रेलर रिलीज किया है। इस बार शिवानी शिवाजी रॉय यानी रानी मुखर्जी को NIA की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, इस बार उनके सामने आने वाली चुनौती पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल है। कहानी शिवानी की सच्चाई और एक खौफनाक ‘अम्मा’ के बीच की जंग को दिखाती है। ट्रेलर में दिखाई गई भयावह सच्चाई दर्शकों की रूह तक कंपा देने वाली है।
लापता बच्चों की तलाश में रानी मुखर्जी
फिल्म के ट्रेलर में रानी मुखर्जी एक ऐसे खतरनाक गिरोह की तलाश करती नजर आती हैं, जो मासूम बच्चियों को अपना शिकार बनाता है। तीन महीनों में लापता हुई 93 बच्चियों को ढूंढने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जाती है। इस दौरान उनका सामना जिस गिरोह से होता है, उसकी सरगना ‘अम्मा’ है। उसका किरदार बेहद खौफनाक नजर आता है और साफ संकेत देता है कि ‘मर्दानी 3’ में रोमांच, एक्शन और इमोशन का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा।
फिल्म की रिलीज डेट आई सामने
फिल्म ‘मर्दानी 3’ 30 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर देखकर साफ लगता है कि यह फिल्म भी दर्शकों को अपनी ओर खींचने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। गौरतलब है कि पहली ‘मर्दानी’ साल 2014 में रिलीज हुई थी, जिसमें मानव तस्करी की कहानी दिखाई गई थी। वहीं ‘मर्दानी 2’ साल 2019 में आई थी, जिसकी कहानी एक साइकोपैथ सीरियल रेपिस्ट पर आधारित थी। इस बार ‘मर्दानी 3’ का ट्रेलर बेहद इंटेंस और ब्रूटल नजर आ रहा है।
Keywords: Mardaani 3 Trailer, Rani Mukerji, Shivani Shivaji Roy, Mardaani 3 Release Date, Amma Villain

