बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण हाल के दिनों में लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। कभी अपने प्रोफेशनल रवैये और डिसिप्लिन को लेकर, तो कभी 8 घंटे की शिफ्ट की मांग को लेकर। इसी बीच अब उनके फैंस के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कहा जा रहा है कि फिल्म कल्कि 2898 एडी के ओटीटी वर्जन से दीपिका पादुकोण का नाम एंड क्रेडिट्स से हटा दिया गया है। इस बात से उनके प्रशंसक बेहद नाराज हैं और सोशल मीडिया पर लगातार अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
फैंस ने पकड़ा बदलाव
दीपिका के एक फैन पेज ने हाल ही में एक वीडियो क्लिप शेयर की है, जो नेटफ्लिक्स और प्राइम वीडियो पर मौजूद कल्कि 2898 एडी के वर्जन से ली गई है। वीडियो में दिखाया गया है कि फिल्म के आखिर में जैसे ही स्क्रीन पर Kalki 2898 AD Cinematic Universe Continues लिखा आता है, क्रेडिट्स रोल होने लगते हैं। लेकिन उसमें दीपिका पादुकोण का नाम कहीं भी नजर नहीं आता। वीडियो के वायरल होते ही फैंस ने रेडिट और एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए मेकर्स से जवाब मांगा है कि आखिर दीपिका का नाम क्यों हटाया गया। एक यूजर ने लिखा, “जब मैं जवान था, तो सोचता था कि उम्र बढ़ने के साथ लोग समझदार हो जाते हैं। पर अब लगता है कि कुछ लोगों में प्रोफेशनलिज़्म कभी नहीं आता।” दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “दीपिका को बुरा दिखाने के लिए उन्हें कोई पीआर नहीं करना पड़ा। ये लोग खुद अपनी असलियत दिखा रहे हैं।” एक और कमेंट में लिखा गया, “ऐसा लगता है कि दीपिका ने किसी का मेल ईगो हर्ट कर दिया है, तभी इतना अनप्रोफेशनल बिहेवियर देखने को मिल रहा है।”
वीडियो ने बढ़ाया विवाद
रेडिट पर शेयर किया गया यह क्लिप तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में दीपिका का चेहरा दिखता है और उसके तुरंत बाद स्क्रीन पर Cinematic Universe Continues लिखा आता है। आमतौर पर इस सीन के बाद फिल्म के क्रेडिट्स में प्रमुख कलाकारों के नाम शामिल किए जाते हैं, लेकिन इस बार फैंस ने पाया कि दीपिका का नाम पूरी तरह गायब है। कई यूजर्स ने इस वीडियो के स्क्रीनशॉट्स शेयर कर सवाल उठाया है कि जब दीपिका फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा थीं, तो अब ओटीटी वर्जन से उनका नाम क्यों हटाया गया।
फैंस का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूटा
दीपिका के फैंस ने मेकर्स को अनप्रोफेशनल करार देते हुए उनकी आलोचना की है। कुछ लोगों ने कहा कि यह कदम जानबूझकर उठाया गया है ताकि दीपिका को साइडलाइन किया जा सके। एक यूजर ने लिखा , “दीपिका जैसी ग्लोबल स्टार के साथ ऐसा व्यवहार शर्मनाक है।”दूसरे ने कहा , “इतनी बड़ी फिल्म में जब उन्होंने अहम किरदार निभाया है, तो उन्हें क्रेडिट न देना बहुत गलत है।” कुछ फैंस ने तो यह तक दावा किया कि दीपिका के साथ फिल्म के प्रमोशन के वक्त से ही बायस्ड ट्रीटमेंट किया गया था, और अब यह कदम उसी का हिस्सा है।
मेकर्स की चुप्पी
अब तक फिल्म के मेकर्स या किसी आधिकारिक प्रतिनिधि की ओर से इस पूरे मामले पर कोई बयान नहीं दिया गया है। कल्कि 2898 एडी के ओटीटी रिलीज के बाद कई दर्शकों ने फिल्म के नए एडिट वर्जन में बदलाव देखे हैं, लेकिन दीपिका के नाम को हटाना फैंस के लिए सबसे बड़ा झटका साबित हुआ है। फैंस का कहना है कि यह न सिर्फ दीपिका के प्रति अन्याय है, बल्कि उन सभी कलाकारों के लिए भी गलत मिसाल है जो मेहनत से किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा बनते हैं।
सोशल मीडिया पर ट्रेंड #JusticeForDeepika
कुछ ही घंटों में ट्विटर और रेडिट पर#JusticeForDeepika और #Kalki2898AD जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे। कई फैंस ने दीपिका के सीन के स्क्रीनशॉट और पुराने प्रमोशनल पोस्टर शेयर करते हुए लिखा , “उन्होंने फिल्म की पूरी नींव रखी थी, और अब नाम हटाकर ये क्या साबित करना चाहते हैं?”कई यूजर्स ने यह भी लिखा कि अगर यह कदम किसी इंटरनल विवाद या प्रोफेशनल मतभेद के चलते उठाया गया है, तो मेकर्स को साफ-साफ बयान देना चाहिए।फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर बड़ी बहस का रूप ले चुका है। फैंस दीपिका के लिए समर्थन जुटा रहे हैं, जबकि मेकर्स की ओर से चुप्पी ने रहस्य और बढ़ा दिया है।
Keywords: Ott Updates Movies, Deepika Padukone Credits Removed, Kalki 2898 AD Controversy, Fans Angry On Makers

