नई दिल्ली: किसी ने सही कहा है कि इंसान दुश्मनों से तो जीत जाता है, लेकिन अपनों से हार जाता है। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला देश की राजधानी दिल्ली से सामने आया है। दिल्ली पुलिस में तैनात SWAT की महिला कमांडो काजल की कथित तौर पर दहेज के लिए उसके ही पति ने हत्या कर दी। काजल की गिनती दिल्ली पुलिस की बहादुर कमांडो में होती थी, लेकिन घरेलू हिंसा का शिकार होकर उसे अपनी जान गंवानी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, 22 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे काजल के पति अंकुर ने उस पर जानलेवा हमला किया। आरोप है कि अंकुर ने काजल के सिर पर डंबल से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद काजल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ऐसे शुरू हुआ झगड़ा
22 जनवरी की रात काजल ने गाजियाबाद से अपने भाई निखिल को फोन कर पति अंकुर के साथ हुए झगड़े की जानकारी दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, निखिल ने बताया कि वह कुछ समझ पाता, उससे पहले ही काजल ने कहा कि उसके सिर पर डंबल से हमला किया गया है। इस हमले में काजल गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
घटना के बाद आरोपी पति अंकुर ने काजल को मोहन गार्डन स्थित तारक अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, काजल की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इसके बाद परिजनों ने उसे यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 24 जनवरी को काजल ने दम तोड़ दिया।
आरोपी पति रक्षा मंत्रालय में क्लर्क
आरोपी अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। काजल और अंकुर ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद दहेज को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। काजल का भाई निखिल संसद मार्ग थाने में सिपाही के तौर पर तैनात है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी अंकुर को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है।
Keywords: SWAT Commando Kajal, Delhi Police, Woman Commando, SWAT, Commando Kajal Death New

