भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना को एक नया वैश्विक सम्मान मिला है। मशहूर खिलौना कंपनी मैटल (Mattel) ने उन्हें अपनी पहली ‘Barbie’ “ड्रीम टीम” में शामिल किया है। इस टीम में दुनिया भर की उन महिलाओं को जगह मिली है जो अपने-अपने फील्ड में कुछ बड़ा कर चुकी हैं और अगली पीढ़ी के लिए मिसाल बन गई हैं। अब खास बात ये है कि स्मृति मंधाना पहली ऐसी महिला क्रिकेटर बन गई हैं जिन पर आधारित एक कस्टमाइज्ड बार्बी डॉल बनाई गई है। ये डॉल सिर्फ उनके लिए बनी है, बाजार में कभी बिकेगी नहीं। मैटल (Mattel) का कहना है कि ये डॉल मंधाना के करियर और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के लिए है, एक तरह से ट्रिब्यूट है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले खास ऐलान
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले ही मैटल ने ये घोषणा 5 मार्च को कर दी थी। जिनका मकसद है, उन महिलाओं को दिखाना और सम्मान देना जो मुश्किलों को पार करके आगे बढ़ रही हैं और दूसरी लड़कियों को बड़े सपने देखने के लिए मोटिवेट कर रही हैं। कंपनी ने कहा है कि बार्बी ड्रीम टीम के जरिए वो ये दिखाना चाहते हैं कि महिलाएं किसी भी फील्ड में कमाल कर सकती हैं। उनका फोकस यही है कि लड़कियां भी मेहनत, आत्मविश्वास और जुनून से अपने सपनों को हकीकत बना सकती हैं।
दुनिया भर की प्रेरणादायक महिलाओं के साथ नाम
स्मृति के साथ इस लिस्ट में दुनियाभर की कई नामचीन महिलाएं हैं। जैसे टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स, अंतरिक्ष यात्री केली जेरार्डी, मेक्सिको की रेसिंग ड्राइवर रेजिना सिर्वेंट अल्वाराडो, इंग्लैंड की फुटबॉलर क्लोई केली, जर्मन सिंगर हेलेन फिशर, पर्वतारोही ज़ोजा स्कुबिस और ऑस्ट्रेलिया की सर्फिंग चैंपियन स्टेफनी गिलमोर। सभी को उनके शानदार काम और समाज पर असर के लिए चुना गया है। मैटल का कहना है कि ये सभी महिलाएं अपने फील्ड में ‘ट्रेलब्लेज़र’ हैं मतलब, जिन्होंने मेहनत और हिम्मत से अपनी अलग पहचान बनाई है और दूसरों के लिए रास्ता खोला है।
स्मृति मंधाना ने जताई खुशी
इस सम्मान के बाद स्मृति मंधाना ने अपनी कस्टमाइज्ड बार्बी डॉल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं और अपनी खुशी भी बांटी। उन्होंने लिखा कि बचपन में कभी सोचा भी नहीं था कि एक दिन उनकी कहानी पर बार्बी डॉल बनेगी। उनके लिए ये पल बेहद खास और इमोशनल है। उन्हें उम्मीद है कि उनकी जर्नी से दूसरी लड़कियों को भी भरोसा मिलेगा कि वे क्रिकेट में अपना नाम बना सकती हैं। साथ ही, उन्होंने ये भी कहा कि दुनियाभर की प्रेरणादायक महिलाओं के साथ ड्रीम टीम का हिस्सा बनना गर्व की बात है। इससे पता चलता है कि जब प्रतिनिधित्व और प्रेरणा साथ आते हैं, तो सपने भी बड़े होते हैं।
Keywords: Smriti Mandhana Barbie Doll, Barbie Dream Team Mattel, Smriti Mandhana International Honour, Women’S Day Barbie Dream Team

