बाराबंकी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव लापता नहीं हैं, बल्कि उन्हें बाराबंकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मनोज यादव सपा के टीवी पैनलिस्ट भी हैं। गुरुवार रात से उनके लापता होने की चर्चा थी, जिसके बाद समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर उन्हें लापता बताया था। हालांकि बाद में जानकारी मिली कि उन्हें बाराबंकी के सफदरगंज थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, सफदरगंज पुलिस ने मनोज यादव को धमकी देने और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के आरोप में गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ 11 फरवरी को बाराबंकी के सफदरगंज थाने में मामला दर्ज किया गया था। मनोज यादव ग्राम भगोलापुरवा, थाना सफदरगंज, जनपद बाराबंकी के निवासी हैं।
गिरफ्तारी पर सपा का बयान
सपा नेताओं ने इस कार्रवाई को अनैतिक बताते हुए कहा कि यूपी पुलिस द्वारा मनोज यादव की गिरफ्तारी और उन्हें ‘गायब’ किए जाने की घटना बेहद गंभीर है। उन्होंने इसे मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भाजपा की साजिश बताया।
सपा की ओर से यह भी कहा गया कि जब प्रदेश में विपक्षी नेताओं के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है, तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकतंत्र की बात किस आधार पर करते हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है और पुलिसिया कार्रवाई का दुरुपयोग किया जा रहा है।
Keywords: Manoj Yadav SP, Barabanki Police, Safdarganj Thana, SP Spokesperson Arrest, Uttar Pradesh Politics, Caste Remark Case

