मध्य प्रदेश के इंदौर के एमवाय अस्पताल में MYH की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां 2 नवजात बच्चों की चूहों के काटने से मौत हो गई। ये बच्चे जिले के महाराजा यशवंतराव अस्पताल (MYH) में NICU में भर्ती थे। जहां चूहों के काटने से दोनों नवजातों की मौत के बाद प्रदेश में सियासत गरमा गई है। एक तरफ इस मामले पर राहुल गांधी ने पीएम और सीएम पर बड़ा हमला बोला है दूसरी तरफ प्रदेश के सीएम ने घटना पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
राहुल गांधी- ये दुर्घटना नहीं हत्या है
इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल (MYH) में NICU में भर्ती दोनों नवजातों की चूहों के काटने से मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘यह कोई दुर्घटना नहीं, यह सीधी-सीधी हत्या है’।
सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी लापरवाही-CM
इस घटना पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कड़ी नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। सीएम ने कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव को इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही हेल्थ मिनिस्टर को भी मामले में सख्त कदम उठाने के लिए कहा है।
गौरतलब है कि 2 दिन में हुई दूसरे नवजात की मौत के बाद कलेक्टर आशीष सिंह और जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल का दौरा किया और NICU वार्ड का बारीकी निरीक्षण किया। वे एनआइसीयू और ब्लड बैंक पहुंचे। बहरहाल मासूमों की मौत ने पूरे लापरवाह सिस्टम की पोल खोल कर रख दी है। फिलहाल पूरे जांच में पेस्ट कंट्रोल करने वाली एजाइल कंपनी की लापरवाही सामने आई है। लेकिन सवाल यहां ये भी है कि अस्पताल प्रशासन के बच्चे की मौत के बाद चुपचाप बच्ची का शव स्वजनों को क्यों सौपा? क्या सिर्फ पेस्ट कंट्रोल करने वाली एजाइल कंपनी की ही गलती है या उस पूरे सिस्टम की जिसने एक बच्चे की मौत के बाद तुरंत एक्शन नहीं लिया। तो क्या इंतजार कर रहा था अस्पताल प्रबंधन दूसरे बच्चों की मौत का?
Keywords_ Indore 2 Newborns Baby Death, Politics On Newborn Babies’s Death, Rahul Gandhi On PM And MP CM, CM Mohan In Action Mode

