इंडिगो की फ्लाइट कैंसिलेशन का संकट कम होता नजर नहीं आ रहा है। मुंबई–दिल्ली समेत देश के कई हवाई अड्डों पर शुक्रवार सुबह भी बड़ी संख्या में यात्री परेशान दिखे। दरअसल, आज देशभर में इंडिगो की लगभग 400 से अधिक उड़ानें एक बार फिर रद्द हो गईं, जिसके कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों में नाराज़गी साफ देखी गई। वहीं, दूसरी फ्लाइट्स जिनके टिकट की कीमत सामान्य दिनों में 4–5 हजार रुपये होती थी, वे बढ़कर 30–40 हजार रुपये तक पहुंच गई हैं।
दिल्ली से उड़ने वाली सभी इंडिगो फ्लाइट्स रद्द
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली आज सभी 235 फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। इससे पहले करीब 500 उड़ानें पहले ही रद्द की जा चुकी थीं। लगातार कैंसिलेशन से यात्री बेहद परेशान हैं, वहीं अब नेता भी इस मुद्दे पर सवाल उठाने लगे हैं। इसी कड़ी में इंडिगो उड़ानों में रद्दीकरण और देरी को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि “DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्री यात्रियों की मदद छोड़कर एयरलाइन की मदद कर रहे हैं, जबकि दिल्ली हवाई अड्डे से कई उड़ानें रद्द हो रही हैं।”
मेट्रो एयरपोर्ट्स में लगातार कैंसलेशन जारी
देश के प्रमुख मेट्रो एयरपोर्ट—मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद—में 5 दिसंबर को इंडिगो उड़ानों के रद्द होने के आंकड़े चिंताजनक रहे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुबह तक:
- हैदराबाद – 92 उड़ानें रद्द
- दिल्ली – 225 उड़ानें रद्द
- बेंगलुरु – 102 उड़ानें रद्द
- पुणे – 92 उड़ानें रद्द
एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों का कहना है कि उन्हें किसी तरह की जानकारी तो छोड़िए, पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, और स्टाफ की ओर से भी कोई सहायता नहीं मिल रही है।
इंडिगो ने क्या कहा…
लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन के बाद इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा—
“पिछले दो दिनों में इंडिगो के नेटवर्क और संचालन में व्यापक व्यवधान देखने को मिला है। इन घटनाओं से प्रभावित सभी ग्राहकों और उद्योग से जुड़े हितधारकों से हम दिल से क्षमा चाहते हैं। इंडिगो की टीमें MOCA, DGCA, BCAS, AAI और हवाईअड्डा संचालकों के सहयोग से लगातार प्रयास कर रही हैं ताकि देरी के क्रमिक प्रभाव को कम किया जा सके और संचालन को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।”
एयरलाइन ने आगे कहा—
“हम अपने ग्राहकों को किसी भी शेड्यूल बदलाव की जानकारी देते रहेंगे और सलाह देते हैं कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की नवीनतम स्थिति अवश्य जांच लें। हुई असुविधा के लिए हमें खेद है और हम संचालन को यथाशीघ्र सुचारु करने पर केंद्रित हैं।”
Keywords: IndiGo Delhi Flight Cancellations, IndiGo Flights Today Update, Delhi Airport Flight Disruption

