Fake Toothpaste Racket: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में नकली प्रोडक्ट बनाने वाले बड़े रैकेट का खुलासा किया है। राजधानी दिल्ली के कंझावला इलाके में चल रही नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री को बंद किया गया। मौके से पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट, हजारों खाली ट्यूब, पैकिंग मशीनें, सामग्री और कच्चा माल जब्त किया। फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं वहां काम कर रहे मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के आधार पर हुई करवाई
रिपोर्ट के अनुसार, क्राइम ब्रांच को 2 अप्रैल को जानकारी मिली कि राजधानी दिल्ली के कंझावला इलाके के महावीर विहार में एक गोदाम में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाया जा रहा है। जहां घटिया क्वालिटी का पेस्ट खाली ट्यूब में भरकर असली ब्रांड के नाम से बाजार में भेजा जा रहा था। पुलिस ने कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि (Authorized Representative) को बुलाकर छापेमारी करने का प्लान बनाया।
मौके पर पुलिस ने किया गोदाम के मालिक को गिरफ्तार
जब पुलिस उस गोदाम के पास पहुंची अंदर का नजारा काफी परेशान और हैरान करने वाला था। पुलिस ने गोदाम में छह मजदूरों को मशीन से खाली ट्यूब में नीला पेस्ट भरते, सील और बैच नंबर‑एक्सपायरी डेट प्रिंट करते हुए देखा। ट्यूबें बाद में कार्टन में पैक कर बाजार में भेजी जानी थीं। जब पुलिस ने मजदूरों से पूछताछ किया तो पता चला कि यह फैक्ट्री हरिओम मिश्रा का है। जिसके बाद पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक को मौके पर बुला कर अरेस्ट किया।
आरोपी ने कबूला अपना जुर्म
नकली टूथपेस्ट बनाने वाले फैक्ट्री ओनर हरिओम मिश्रा, जो कि रोहिणी सेक्टर‑2 का रहने वाला है, ने पूछताछ में माना कि उसने कंझावला में गोदाम किराए पर लेकर नकली टूथपेस्ट बनाना शुरू किया था। वह खाली ट्यूब और पैकिंग सामग्री मंगवाकर लोकल पेस्ट भरता और इसे असली सेंसोडाइन के नाम से बेचता था। लेकिन पूछताछ में सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि आरोपी के पास न तो लाइसेंस था और न ही कंपनी के पास कोई आधिकारिक परमिशन।
पुलिस ने भारी मात्रा में सामान जब्त किया
पुलिस ने छापेमारी में ट्यूब भरने और सील करने की मशीन, लगभग 1,800 भरे नकली टूथपेस्ट ट्यूब, 10,000 से ज्यादा खाली ट्यूब और 1,200 पैक तैयार ट्यूब जब्त की। साथ ही सैकड़ों पैकिंग कार्टन, मास्टर कार्टन, करीब 130 किलो नीला पेस्ट, हजारों ट्यूब कैप, रैपर, हीटिंग गन, टेप, ग्लू और अन्य मशीनें भी बरामद किए। साथ ही आपको बता दें कि इन नकली उत्पादों की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) और कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगा रही है कि नकली टूथपेस्ट दिल्ली और आसपास किन बाजारों में सप्लाई किया गया और इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Keywords: Delhi Fake Toothpaste Racket, Kanjhawala Raid News, Delhi Crime Branch Bust

