बांग्लादेश के लक्ष्मीपुर सदर उपजिला में शनिवार तड़के एक भयावह घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के एक स्थानीय नेता के घर को बाहर से बंद कर, पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आग में सात साल की आयशा अख्तर जिंदा जल गई। उसके पिता और दो बड़ी बहनें बुरी तरह झुलस गए। खबरें बताती है कि हमला रात करीब एक से दो बजे के बीच हुआ, जब सब सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि बच्चों को बचाने तक का वक्त नहीं मिला।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घायल बेलाल हुसैन, जो पेशे से कारोबारी हैं और BNP की स्थानीय इकाई में सहायक संगठन सचिव भी बताए जाते हैं, अभी लक्ष्मीपुर सदर अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी दोनों बेटियां सलमा (16) और सामिया (14) की हालत बेहद गंभीर है, इन्हें ढाका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों के शरीर का 50-60% हिस्सा जल चुका है और अगले कुछ दिन उनके लिए बहुत अहम हैं। बेलाल की पत्नी किसी तरह चार महीने के बच्चे और एक बेटे को लेकर बाहर निकलने में कामयाब रहीं, वरना सबकी जान जा सकती थी।
बाहर से घर को बंद कर लगाई गई आग
बेलाल की मां हाजेरा बेगम इसे सीधी साजिश मानती हैं। उनका कहना है, हमलावरों ने दोनों दरवाजे बाहर से बंद कर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। शोर सुनकर वो बाहर भागीं, तो दरवाजे बंद मिले। अंदर फंसे लोगों को बचाने में देर हो गई। बेलाल ने दरवाजा तोड़कर निकलने की कोशिश की, लेकिन तब तक छोटी बेटी आयशा आग में घिर चुकी थी। हाजेरा बेगम को शक है कि ये हमला राजनीतिक दुश्मनी की वजह से हुआ, लेकिन हमला किसने किया, इसका नाम उन्होंने नहीं लिया।
दिन-प्रतिदिन बढ़ रही हिंसा
ये हमला ऐसे वक्त हुआ है, जब बांग्लादेश में लगातार हिंसा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में डर बढ़ रहा है। मुहम्मद यूनुस की अगुवाई वाली अंतरिम सरकार के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आगजनी, राजनीतिक टकराव, और आम लोगों पर हमले की खबरें आ रही हैं। पुलिस जांच में लगी है, कहा गया है कि हमलावरों को खोजा जा रहा है और वजह पता की जा रही है। लेकिन, एक मासूम की मौत और एक परिवार की बरबादी ने ये सवाल फिर खड़ा कर दिया है, क्या प्रशासन राजनीतिक हिंसा रोकने में नाकाम हो चुका है?
Keywords: Bangladesh Violence, BNP Leader House Attack, Lakshmipur Arson, Political Violence Bangladesh, Child Killed In Fire

