मुंबई के मुलुंड इलाके में मेट्रो के निर्माणाधीन पिलर का एक हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। यह हादसा जॉनसन गार्डन के पास हुआ, जहां मेट्रो पिलर ने ऑटो रिक्शा समेत कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। पिलर गिरने से गाड़ियों को भारी नुकसान हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मृतक की पहचान कर ली गई है। मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्यों में जुटी है।
भाजपा विधायक ने कहा- “एमएमआरडीए की लापरवाही”
स्थानीय भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा ने कहा कि मेट्रो निर्माण हादसा एमएमआरडीए की लापरवाही का परिणाम है। इस घटना के बाद, एमएमआरडीए के कमिश्नर संजय मुखर्जी ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और थर्ड पार्टी ऑडिट की मांग की है। उपासनी अस्पताल के ऑपरेटर अजय ने बताया कि इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की मौत हो गई है।
हादसे में एक की मौत, चार घायल
इस दर्दनाक हादसे में रामधन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राजकुमार इंद्रजीत यादव (45) को आईसीयू में भर्ती किया गया, जबकि महेंद्र प्रताप यादव (52) और दीपा रुहिया (40) की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। उपासनी अस्पताल के ऑपरेटर अजय के अनुसार, घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर मरीजों को विशेष निगरानी में रखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्लैब गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भयभीत हो गए।
मुलुंड में मेट्रो पिलर का हिस्सा गाड़ियों पर गिरा
यह हादसा शनिवार दोपहर करीब 12:20 बजे हुआ। बीएमसी के अनुसार, निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर जा गिरे और ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में सवार तीन से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक निजी कार भी इस दुर्घटना की चपेट में आ गई। घटना के तुरंत बाद, मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड कर्मचारी और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्तियों को नजदीकी अस्पताल भेजा।
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर मलबा हटाया, जांच जारी
हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को घेरकर ट्रैफिक को डायवर्ट किया और मलबा हटाने का काम शुरू किया। फिलहाल, पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना के कारणों की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही यह भी जांचा जा रहा है कि जहां मेट्रो पिलर का निर्माण कार्य चल रहा था, वहां सभी सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था या नहीं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Keywords: Mumbai Metro Accident, Mulund Construction Pillar Collapse, MMRDA Safety Issues, Mumbai Traffic Diversion

