आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक बड़ा बस हादसा हुआ। यह दुर्घटना उस समय हुई जब भक्तों को तीर्थ स्थान और देवदर्शन के लिए लेकर जा रही निजी बस घाट रोड से गुज़रते वक्त खाई में गिर गई। इस हादसे में करीब 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं।
अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार बस अनियंत्रित हो गई थी और खाई में जा गिरी। जैसे ही स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी खबर मिली, राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। घायलों को इलाज के लिए भद्राचलम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अब तक इस दुर्घटना में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा उस समय हुआ जब यात्रियों से भरी यह बस, जो आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले की बताई जा रही है, भद्राचलम से अन्नावरम की ओर जा रही थी। यह दुर्घटना चित्तूर–मरेदुमिल्ली घाट रोड पर हुई।
सीएम ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अल्लूरी सीतारामाराजू जिले के चित्तूर के पास हुई यात्रियों की निजी बस दुर्घटना बेहद दुखद है। उन्होंने अधिकारियों से बात कर पीड़ितों को मिल रही सहायता की जानकारी ली है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतकों के परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
Keywords: Andhra Pradesh Bus Accident, Bus Falls Into Gorge, Andhra Pradesh Road Accident

