मुंबई के गोरेगांव में इन दिनों आवारा कुत्तों ने आतंक मचा रखा है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोग कुत्तों के डर से अपने घरों से बाहर निकलने में हिचकने लगे हैं। गोरेगांव में पिछले 24 घंटों के भीतर आवारा कुत्तों ने कई लोगों को काटा है। खबर के मुताबिक, कुत्तों के हमले की घटनाएं गोरेगांव वेस्ट के आदर्श विद्यालय इलाके और सिद्धार्थ नगर में दर्ज की गई हैं, जहां 15 से 16 लोगों पर कुत्तों ने हमला किया। जिन लोगों को कुत्तों ने निशाना बनाया, उनमें पुरुष और महिलाएँ दोनों शामिल हैं।
आवारा कुत्तों का उत्पात CCTV कैमरों में भी कैद हो गया है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोग नगरपालिका से बेहद नाराज हैं। उनका कहना है कि कुत्तों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। कुत्तों के डर का आलम यह है कि मोहल्ले के लोग बाहर निकलने से घबराने लगे हैं। कुत्तों के काटने की घटनाओं के बाद कई लोग अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं। स्थानीय नागरिकों की अब यह मांग है कि प्रशासन तत्काल सख्त कार्रवाई करे।
विधानसभा में उठा मुद्दा
आवारा कुत्तों के हमले का मुद्दा केवल जनता के बीच ही नहीं, बल्कि विधानसभा में भी गूंजा। प्रश्न-उत्तर के दौरान विधायकों अतुल भातखलकर और सुनील प्रभु ने यह मामला सदन के पटल पर उठाया। बताया गया कि कुत्तों ने कई मामलों में लोगों के चेहरे पर गंभीर हमला किया है।
6 साल में कुत्ते 30 लाख लोगों को काट चुके
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने लिखित उत्तर में बताया कि पिछले 6 वर्षों में आवारा कुत्तों ने 30 लाख लोगों को काटा है। वर्ष 2021 से 2023 के बीच 23 लोगों की मौत रेबीज के कारण हुई है। नागपुर, कल्याण-डोंबिवली, मुंबई और पुणे में कुत्तों का आतंक सबसे अधिक दर्ज किया गया है। साथ ही, शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में कुत्तों की संख्या में तेज़ी से बढ़ोतरी हुई है।
Keywords: Mumbai Stray Dog Attacks, Goregaon Dog Bite Cases, Stray Dog Menace Mumbai

