हरियाणा स्थित फरीदाबाद की श्याम कॉलोनी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक शख्स ने 17 वर्षीय लड़की पर दिनदहाड़े गोली चला दी। इस घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो बड़े अधिकारी हरकत में आ गए, जिसके बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। वहीं, इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि लड़की अपनी सहेलियों के साथ जा रही थी। उसी वक्त बाइक पर सवार जतिन नाम का शख्स उनके पास आता है और उनमें से एक लड़की पर गोली चला देता है।
फायरिंग में एक गोली लड़की के पेट को छूती हुई निकल गई और दूसरी गोली उसके कंधे पर लगी। इस घटना में लड़की घायल हो गई, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। गोली से घायल लड़की की पहचान कनिष्का के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी जतिन की तलाश शुरू कर दी है।
अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक लड़की को गोली मारने वाला शख्स उसका परिचित था, जिसका नाम जतिन है और जो उसी के कोचिंग क्लास में पढ़ता था। वारदात में इस्तेमाल की गई बंदूक को बरामद कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी की तलाश में पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं।
#WATCH फरीदाबाद (हरियाणा): एसएचओ शमशेर सिंह ने बताया, "एक लड़की पर गोली चलाने की सूचना मिली थी। तुरंत मौके पर पहुंचकर लड़की को अस्पताल पहुंचाया गया। लड़की आरोपी को जानती है। लड़की के हाथ में गोली लगी है। FIR दर्ज़ करके आरोपी की तलाश जारी है।" pic.twitter.com/vOCcS6fVDJ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 4, 2025
कनिष्का के पीछे पड़ा था जतिन मंगल
जतिन मंगल काफी दिनों से कनिष्का के पीछे पड़ा हुआ था और बार-बार उसे परेशान कर रहा था। कुछ दिन पहले लड़की के परिवार के सामने जतिन मंगल ने माफी भी मांगी थी। लेकिन उसके दो दिन बाद, जब सुबह के वक्त कनिष्का लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी, तभी जतिन मंगल अपनी बाइक पर बैठकर उसका इंतज़ार कर रहा था। जैसे ही उसने कनिष्का को देखा, वह उसके पास गया और उस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में कनिष्का घायल हो गई। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Keywords: Faridabad Incident, Haryana Crime News, Young Woman Shot, Attempted Murder

