मोकामा के बाहुबली नेता नाम से मशहूर अनंत सिंह ने संकेत दिया है कि वह अब आगे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। बिहार में राज्यसभा चुनाव के दौरान वोट डालने के लिए बेउर जेल से विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह ने कहा कि जब तक नितीश कुमार सक्रिय राजनीति में थे, तब तक वह भी चुनावी मैदान में रहे, लेकिन अब वह खुद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला कर चुके हैं। जेल वापस जाते समय मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि आने वाले समय में उनकी जगह उनका बेटा राजनीति में सक्रिय रहेगा और वही चुनाव लड़ेगा। वहीं जब उनसे बिहार के अगले मुख्यमंत्री के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इस पर अंतिम फैसला नीतीश कुमार ही करेंगे।
कड़ी सुरक्षा में जेल से विधानसभा पहुंचे, वोट डालकर फिर लौटे बेऊर जेल
अनंत सिंह को MP-MLA Court ने राज्यसभा चुनाव में मतदान करने की अनुमति दी थी। मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह, जो बेउर जेल में बंद हैं, पुलिस की कड़ी निगरानी में विधानसभा पहुंचे और अपना वोट डाला।
दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल में बंद अनंत सिंह सुबह करीब 10 बजे के बाद विधानसभा पहुंचे और मतदान करने के बाद वापस जेल भेज दिए गए। इस चुनाव में उनका वोट NDA के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि गठबंधन के पांचवें उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए कुछ अतिरिक्त वोटों की जरूरत बताई जा रही है।
मोकामा से कई बार जीते चुनाव, विवादों के बावजूद बनाए रखी राजनीतिक पकड़
अनंत सिंह को बिहार के मोकामा क्षेत्र का प्रभावशाली नेता माना जाता है। उन्होंने पहली बार 2005 में मोकामा विधानसभा सीट से जीत हासिल कर राजनीति में मजबूत एंट्री की और 2010 में दोबारा विधायक बने। उस दौरान वे JDU और नितीश कुमार के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ जुड़े रहे।
2015 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी से मतभेद होने के बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरकर फिर से मोकामा सीट जीत ली। बाद में 2019 में अवैध हथियार और विस्फोटक रखने के मामले में उनका नाम सामने आया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने मोकामा सीट से जीत दर्ज कर परिवार की राजनीतिक मौजूदगी बरकरार रखी।
Keywords: Anant Singh Political Career, Anant Singh Rajya Sabha Election Vote, Mokama MLA Anant Singh News, Anant Singh Son In Politics

