मुलायम सिंह यादव के बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की मौत को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अहम खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, शरीर में खून का थक्का बनने के बाद वह निचले हिस्से से ऊपर की ओर पहुंच गया, जिससे धमनी और फेफड़ों में गंभीर संक्रमण फैल गया। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जो उनकी मौत की वजह बना।
फेफड़ों में खून का थक्का बना मौत की वजह
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि प्रतीक यादव की मौत दिल और सांस की क्रिया अचानक रुकने से हुई। जांच में पता चला कि फेफड़ों की नसों में खून का थक्का जम गया था, जिससे शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह प्रभावित हुआ और उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई।
जांच के लिए सैंपल किए गए सुरक्षित
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, हृदय और फेफड़ों से जुड़े जरूरी नमूनों को आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। डॉक्टरों ने इन्हें हिस्टोपैथोलॉजिकल और केमिकल एनालिसिस के लिए संरक्षित कर संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि शरीर पर पाए गए सभी चोट के निशान मौत से पहले के थे।
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 38 वर्षीय प्रतीक की मौत की खबर से परिवार और समर्थकों में शोक की लहर फैल गई।
राजनीति से दूर रखते थे खुद को
प्रतीक यादव फिटनेस को लेकर काफी जागरूक थे और राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा की नेता हैं और इस समय उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।
Keywords: Prateek Yadav Postmortem Report, Prateek Yadav Death, Pulmonary Thromboembolism

