इस सप्ताह देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ सकता है। जहां मध्य-पूर्वी और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश, आंधी और तूफान का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में 18 से 20 अप्रैल के बीच कई स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा असम और मेघालय में 19 अप्रैल तक कुछ इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है। वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 अप्रैल को आंधी, बिजली और तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं।
अगर पिछले 24 घंटों की बात करें, तो तमिलनाडु, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उड़ीसा, पूर्वी मध्य प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का असर देखा गया। गुरुवार को देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 38 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर पंजाब, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में तापमान 38 डिग्री या उससे कम रहा। सबसे अधिक तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस महाराष्ट्र के अकोला में दर्ज किया गया।
ऑरेंज चेतावनी
पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा में ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि, तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। गंगीय पश्चिम बंगाल में भी तेज के तूफानी हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
येलो चेतावनी
जम्मू-कश्मीर, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, उड़ीसा और तटीय आंध्र प्रदेश में येलो चेतावनी जारी की गई है। यहां आंधी, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।
हीट वेव का असर
पूर्वी मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में लू चलने की चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
तटीय इलाकों में उमस
गुजरात से लेकर महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, उड़ीसा और तटीय आंध्र प्रदेश तक के क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
17 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसके चलते यहां भी ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है।
अन्य राज्यों में अलर्ट
पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
Keywords: Weather Update India, Heatwave Alert India, Thunderstorm Warning India

