वाशिंगटन: इजरायल और अमेरिका मिलकर ईरान के खिलाफ भीषण युद्ध छेड़े हुए हैं। ईरान ने भी दोनों देशों के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। अब अमेरिका किसी भी हाल में ईरान के बड़े नेताओं का खात्मा करने के पीछे जुट गया है। इसी कड़ी में अमेरिका ने सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई समेत उनके खास बड़े अधिकारियों की जानकारी देने वालों को इनाम देने का ऐलान किया है।
अमेरिका ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में जानकारी देने वालों के लिए बड़ा इनाम घोषित किया है। अमेरिकी सरकार ने कहा है कि जो भी व्यक्ति इन नेताओं से जुड़ी पुख्ता जानकारी देगा, उसे अधिकतम 10 मिलियन डॉलर यानी करीब 92.6 करोड़ रुपये तक का इनाम दिया जा सकता है।
इन नेताओं के नाम हैं शामिल
अमेरिका ने जिन ईरानी नेताओं के बारे में जानकारी देने पर इनाम घोषित किया है, उनमें मुख्य रूप से मुज्तबा खामेनेई, सर्वोच्च नेता के कार्यालय के उप चीफ ऑफ स्टाफ अली असगर हेजाजी और ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी शामिल हैं।
इन नेताओं की पहचान के लिए अमेरिका ने उनकी तस्वीरें भी सार्वजनिक की हैं, ताकि आम लोग उन्हें पहचानकर संबंधित जानकारी दे सकें।
अमेरिका लगातार ईरान पर दबाव बढ़ा रहा है और उसके खिलाफ अपनी कार्रवाई में किसी तरह की ढील देने के संकेत नहीं दे रहा है।
इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि आने वाले समय में अमेरिकी सेना ईरान के ठिकानों को निशाना बनाते हुए और सख्त हमले कर सकती है।
यह घोषणा शुक्रवार को अमेरिकी विदेश विभाग के विशेष कार्यक्रम रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस के तहत की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से आतंकवाद और उससे जुड़े संगठनों के बारे में जानकारी जुटाई जाती है।
कार्यक्रम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर पोस्ट कर लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इन ईरानी नेताओं से जुड़ी कोई अहम जानकारी है, तो वह उसे साझा करे। अधिकारियों के मुताबिक, उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम के साथ सुरक्षा और पुनर्वास की सुविधा भी दी जा सकती है।
Keywords: Mojtaba Khamenei, US Reward For Mojtaba Khamenei, Iran Officials Reward, US Iran Conflict, Ali Asghar Hejazi, Ali Larijani, Donald Trump Iran Statement

