Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। नरसिंहदी जिले में एक और दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जहां 23 वर्षीय हिंदू युवक को कट्टरपंथियों ने जिंदा जलाकर हत्या कर दी। इस निर्मम हमले ने हिंदू समुदाय में गहरा आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है।
सोते समय बनाया गया निशाना
आरोप है कि कट्टरपंथियों ने हिंदू युवक चंचल चंद्र भौमिक को उनके गैरेज में सोते हुए जिंदा जला दिया। यह दर्दनाक घटना शुक्रवार रात नरसिंहदी शहर के पुलिस लाइंस इलाके में स्थित ‘खानाबाड़ी मस्जिद मार्केट’ में हुई। पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है और जांच जारी है। चंचल कुमिला जिले के बरुड़ा उपजिला के लक्ष्मीपुर गांव के रहने वाले थे और अपने पिता खोकन चंद्र भौमिक के साथ रहते थे। वे वर्कशॉप में मिस्त्री का काम करते थे और थककर वहीं सो गए थे, जब इस जघन्य घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
अज्ञात हमलावरों ने वर्कशॉप के शटर के नीचे से आग लगा दी। यहां पेट्रोल, मोबिल ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। चंचल को बचने का कोई मौका नहीं मिला और दम घुटने तथा जलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार और आसपास के लोगों का कहना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी। घटनास्थल के पास लगे CCTV में एक संदिग्ध व्यक्ति शटर में आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। नरसिंहदी सदर मॉडल थाने के प्रभारी निरीक्षक ए आर एम अल मामून ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच की जा रही है।
अल्पसंख्यक समुदाय में बढ़ता भय
शव को बरामद कर लिया गया है और CCTV फुटेज भी कब्जे में ले लिया गया है। दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें सक्रिय हैं। यह घटना हाल के हफ्तों में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे हमलों की एक नई कड़ी है। इससे पहले मयमेंसिंह में दीपू चंद्र दास और अन्य घटनाओं में भी हिंदू व्यक्तियों की हत्या की खबरें सामने आई थीं, जिससे अल्पसंख्यक समुदाय में गहरा भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
Keywords: Bangladesh Violence, Hindu Minority, Narsingdi Incident, Chanchal Chandra Bhowmik

