Republic Day: इस 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिलेगा, जब जम्मू-कश्मीर की 26 वर्षीय असिस्टेंट कमांडेंट सिमरन बाला इतिहास रचेंगी। वह पहली महिला अधिकारी होंगी, जो पूरी तरह पुरुषों से बनी CRPF टुकड़ी का नेतृत्व करते हुए कर्तव्य पथ पर मार्च करेंगी। सिमरन बाला 140 से ज्यादा पुरुष जवानों की कमान संभालेंगी, जो CRPF के इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। उनका यह नेतृत्व यह संदेश देगा कि भारतीय सुरक्षा बलों में नेतृत्व का आधार केवल योग्यता और मेहनत है, न कि लिंग।
जम्मू-कश्मीर की रहने वाली है सिमरन बाला
सीमा से राजधानी तक का सफर तय करने वाली सिमरन बाला जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा क्षेत्र की निवासी हैं, जो लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के नजदीक स्थित है। सीमावर्ती इलाके में बड़े होते हुए सिमरन ने बचपन से ही संघर्ष, अनुशासन और देशसेवा को नजदीक से महसूस किया। इन अनुभवों ने उनके व्यक्तित्व को आकार दिया और उनकी सोच में एक विशेष दृढ़ता और प्रतिबद्धता विकसित की।
कड़ी परेड रिहर्सल के बाद मिली जिम्मेदारी
गणतंत्र दिवस परेड के लिए सिमरन बाला का चयन एक कठिन प्रक्रिया थी। इसके लिए उन्हें कड़ी परेड रिहर्सल, सख्त अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के कई परीक्षणों से गुजरना पड़ा। अपनी उत्कृष्ट प्रदर्शन और आत्मविश्वास से उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों का विश्वास अर्जित किया, जिसके बाद उन्हें यह ऐतिहासिक जिम्मेदारी सौंपी गई।
लाखों लड़कियों के लिए होगा प्रेरणादायक पल
जब सिमरन बाला इंडिया गेट के पास अपनी टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी, तो यह महज एक परेड नहीं होगी, बल्कि लाखों लड़कियों के लिए एक प्रेरणादायक पल साबित होगा। उनका यह कदम यह दिखाता है कि आज की महिलाएं सिर्फ वर्दी में नहीं, बल्कि नेतृत्व के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। सिमरन बाला की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों को यह सिखाती है कि यदि हौसला मजबूत हो और लक्ष्य स्पष्ट हो, तो किसी भी सपना को हासिल किया जा सकता है।
Naari Shakti leading with pride.
— Doordarshan National दूरदर्शन नेशनल (@DDNational) January 24, 2026
Assistant Commandant Simran Bala is set to make history as the first woman officer to lead an all-male CRPF contingent at the 77th Republic Day Parade. From the conflict-touched lanes of Rajouri, J&K, to commanding over 140 jawans in front of the… pic.twitter.com/LRiIURWmUx
कौन है सिमरन बाला?
सिमरन बाला जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर के एक सीमावर्ती गांव से हैं, जो पाकिस्तान की सीमा के बेहद नजदीक स्थित है। इस क्षेत्र में अक्सर गोलीबारी और मोर्टार हमलों का खतरा बना रहता है, और सिमरन ने अपना बचपन इसी खतरनाक माहौल में बिताया। इस चुनौतीपूर्ण माहौल में उन्होंने हिम्मत, साहस और संघर्ष की भावना को सीखा। जम्मू के सेवानिवृत्त सेना अधिकारी कैप्टन अनिल गौर का मानना है कि सिमरन की यह सफलता एक बड़े बदलाव की ओर इशारा करती है, जो यह साबित करती है कि अब वर्दीधारी महिलाओं के लिए नेतृत्व की राहें खुल चुकी हैं।
फर्स्ट अटेम्प्ट क्लियर किया UPSC
सिमरन बाला ने नौशेरा, राजौरी जिले का नाम गर्व से रोशन किया है। वह राजौरी की पहली महिला हैं, जिन्होंने CRPF में अधिकारी के रूप में पद ग्रहण किया है। नियंत्रण रेखा के पास पली-बढ़ी सिमरन अपने अनुशासन, कठोर मेहनत और समर्पण के लिए जानी जाती हैं। देश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित परेड में पुरुषों की टुकड़ी का नेतृत्व करना एक सपना सा लगता था, लेकिन सिमरन ने इसे साकार कर दिखाया। सिमरन बाला ने 2023 में अपने पहले प्रयास में यूपीएससी की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) परीक्षा पास की और देशभर में 82वीं रैंक प्राप्त की। यह उपलब्धि और भी खास है क्योंकि वह उस साल जम्मू-कश्मीर से यह परीक्षा पास करने वाली अकेली महिला उम्मीदवार थीं।
Keywords: Simran Bala, CRPF Woman Officer, Republic Day Parade 2026, Kartavya Path, Women In Armed Forces, CRPF History

