IPL Controversy: आईपीएल 2026 के लिए दिसंबर में हुए मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेश के फ़ास्ट बॉलर मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदकर सबको चौंका दिया था। वह इस ऑक्शन में बिकने वाले एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी थे। इससे पहले भी वह आईपीएल में अलग-अलग फ्रेंचाइजियों का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि, उनकी इस खरीद के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया। फैंस के साथ-साथ कुछ राजनेताओं ने भी केकेआर के फैसले पर सवाल उठाए और इसे गैर-जरूरी तथा संवेदनशील करार दिया। धीरे-धीरे यह मामला खेल से निकलकर राजनीतिक रंग लेने लगा जिसके बाद अब BCCI ने खुद इस मामले पर KKR को निर्देश दिए है।
BCCI ने दिया KKR को सख्त निर्देश
मामले के तूल पकड़ने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को अब इस मामले में बोलना पड़ा। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सार्वजनिक रूप से बयान देते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को मुस्तफिजुर रहमान को अपने स्क्वॉड से रिलीज करने का आदेश दिया है। उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर केकेआर किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मांग करती है तो BCCI उस पर विचार करेगा और नियमों के तहत अनुमति दी जाएगी।
#WATCH | Guwahati | BCCI secretary Devajit Saikia says, "Due to the recent developments that are going on all across, BCCI has instructed the franchise KKR to release one of their players, Mustafizur Rahman of Bangladesh, from their squad and BCCI has also said that if they ask… pic.twitter.com/53oxuRcmZp
— ANI (@ANI) January 3, 2026
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का आया रिएक्शन
इस पूरे मामले पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का रिएक्शन सामने आया। बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा कि बोर्ड इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे इस मुद्दे को राजनीति के नजरिए से नहीं, बल्कि क्रिकेट के नजरिए से देखते हैं। बुलबुल के मुताबिक, भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेटिंग रिश्ते लंबे समय से अच्छे रहे हैं और दोनों बोर्ड हमेशा खेल को आगे बढ़ाने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुस्तफिजुर केकेआर में एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी थे, इसलिए बोर्ड यह देखना चाहता है कि आगे क्या फैसला होता है और इसका खिलाड़ी के करियर पर क्या असर पड़ता है।
ऑक्शन की बिडिंग वॉर
मुस्तफिजुर रहमान को लेकर मिनी ऑक्शन में केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच कड़ी बिडिंग देखने को मिली थी। आखिर में केकेआर ने ऊंची बोली लगाकर उन्हें अपने नाम किया, लेकिन अब वही फैसला फ्रेंचाइजी के लिए मुश्किल बन गया है। मुस्तफिजुर को खरीदने के बाद से ही केकेआर मैनेजमेंट और टीम के मालिक शाहरुख खान को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। अब जबकि BCCI ने साफ निर्देश दे दिए हैं, केकेआर के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह रिप्लेसमेंट के तौर पर किस खिलाड़ी को चुनती है।
Keywords: Indian-Bangladesh Conflicts, Mustafizur Rahman, Kolkata Knight Riders, IPL 2026 Controversy

