नए साल का जश्न पूरी दुनिया में धूमधाम से मनाया जाता है। इस मामले में देश की आर्थिक राजधानी मुंबई भी किसी से पीछे नहीं है। न्यू ईयर की रात यहां बड़ी संख्या में लोग घर से बाहर निकलकर घूमते-फिरते हुए नए साल का स्वागत करते हैं। इसी को देखते हुए बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने एक बड़ा फैसला लिया है। नए साल के जश्न में बाहर निकलने वालों के लिए यह अच्छी खबर है।
आधी रात तक सड़कों पर दौड़ेंगी BEST की बसें
BEST की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, स्पेशल बस सेवाएं रात 10 बजे से 12:30 बजे तक चलाई जाएंगी, ताकि देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिल सके।
इन जगहों पर उमड़ती है भीड़
न्यू ईयर पर गेटवे ऑफ इंडिया, जुहू चौपाटी, गोराई क्रीक और मार्वे चौपाटी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ती है। अब इन जगहों तक पहुंचना यात्रियों के लिए और भी आसान होगा। रूट नंबर C-86, 203 और 231 के अलावा एयर-कंडीशन्ड रूट A-21, A-112, A-116, A-247, A-272 और A-294 पर भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
‘हेरिटेज टूर’ बस का भी मिलेगा आनंद
नए साल के मौके पर जश्न के साथ-साथ लोकप्रिय ‘हेरिटेज टूर’ बस सेवा भी विशेष रूप से संचालित की जाएगी। यह सेवा बुधवार, 31 दिसंबर 2025 को शाम 5:30 बजे शुरू होगी और यात्रियों की मांग के अनुसार गुरुवार, 1 जनवरी 2026 की सुबह तक जारी रहेगी।
रात भर चलेगी मुंबई मेट्रो
न्यू ईयर नाइट पर यात्रियों को खास सुविधा देते हुए मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (MMRC) ने घोषणा की है कि मेट्रो लाइन-3 (एक्वा लाइन) नए साल के मौके पर पूरी रात चलेगी। इससे देर रात पार्टी या घूमने वालों को घर लौटने में कोई परेशानी नहीं होगी।
मेट्रो का टाइम
यह नाइट मेट्रो सेवा 31 दिसंबर की रात 10:30 बजे से 1 जनवरी 2026 की सुबह 5:55 बजे तक चलेगी। इसके बाद सुबह 5:55 बजे से मेट्रो की नियमित सेवाएं फिर से शुरू हो जाएंगी।
Keywords: Mumbai New Year 2026 Metro Service, BEST Buses Night Service Mumbai, Metro-3 Night Service Mumbai, Happy New Year 2026

