नए साल का स्वागत हर व्यक्ति अपने-अपने तरीके से करता है। कोई परिवार के साथ घर पर या पार्टी में जश्न मनाता है, तो कोई भगवान के मंदिर पहुंचकर माथा टेकता है। अब नया साल 2026 आने वाला है। इसे देखते हुए, पिछली बार के मुकाबले इस बार उत्तर प्रदेश के अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। रामलला के विराजमान होने के बाद नए साल के मौके पर अयोध्या में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं का जमावड़ा देखने को मिला था। इस बार श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए एक बड़ा फैसला लिया गया है।
दरअसल, भक्तों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए राम मंदिर ट्रस्ट ने इस साल वीआईपी पास जारी न करने का फैसला किया है। अब 1 जनवरी 2026 तक किसी भी तरह के नए वीआईपी पास जारी नहीं किए जाएंगे। इस साल 1 जनवरी तक वीआईपी दर्शन और रामलला की मंगल आरती के सभी पास पहले ही बुक हो चुके हैं। इसके बाद ट्रस्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि अब कोई नया पास जारी नहीं किया जाएगा।
10 लाख श्रद्धालुओं ने 2025 में किए थे दर्शन
साल 2025 के पहले दिन अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली थी। जानकारी के अनुसार, करीब 10 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे थे, जिनमें से 2 लाख 12 हजार श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के दर्शन और पूजा-अर्चना की थी। वहीं, करीब 2 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी में भी दर्शन किए थे।
सरयू नदी में स्नान करने के बाद श्रद्धालु 2 से 3 किलोमीटर लंबी कतारों में खड़े होकर भगवान का आशीर्वाद लेते नजर आए थे, और इसी के साथ उन्होंने साल 2025 की शुरुआत की थी। प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहली बार था जब अयोध्या में ऐसा नजारा देखने को मिला। सड़कों पर हर ओर श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आए और पूरा शहर भक्ति के रंग में डूबा हुआ दिखा।
2026 में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हाल ही में दिल्ली मेट्रो के पास हुए बम धमाके के बाद इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद में जुट गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसटीएफ, एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही, पुलिस के अतिरिक्त बल की भी तैनाती की जाएगी।
Keywords: Ayodhya Ram Mandir, Ram Lalla Darshan, Ayodhya New Year 2026

