मराठी अभिनेत्री प्रार्थना बेहरे, जिन्हें टीवी सीरियल पवित्र रिश्ता में वैशाली (अंकिता लोखंडे की ऑन-स्क्रीन बहन) के किरदार के लिए जाना जाता है, उनके पिता का 14 अक्टूबर 2025 को सड़क हादसे में निधन हो गया। पिता के इस असमय निधन के बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा की है, जिसमें उन्होंने अपने दिल का दर्द बयां किया है।
प्रार्थना ने अपने पिता की तस्वीर साझा करते हुए मराठी में लिखा , “आपकी हंसी आज भी हमारे कानों में गूंजती है। आपका आत्मविश्वास हमें हर दिन ताकत देता है। आपने हमें सिखाया कि खुश रहना परिस्थितियों पर नहीं, बल्कि नजरिए पर निर्भर करता है। आपकी ईमानदारी, निस्वार्थता और लोगों के प्रति बिना शर्त प्रेम ने हमें इंसानियत का असली मतलब समझाया। आपने हमें बताया कि दूसरों की मदद करना ही सच्चा सुख है। भले ही अब आप हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन आपकी आवाज़ और आपके गीत हमें हर दिन प्रेरित करते हैं।” एक्ट्रेस ने आगे लिखा कि उनके पिता का यूं अचानक चले जाना उन्हें अंदर तक हिला गया है। कुछ ही दिन पहले सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन अब ज़िंदगी जैसे ठहर सी गई है। उन्होंने कहा , “मैं कोशिश करूंगी कि आप कभी मेरी आंखों में आंसू न देखें… क्योंकि मैं नहीं चाहती कि आप धुंधले दिखें। आपकी मुस्कान मेरे दिल में हमेशा के लिए बस गई है, और मैं उसका ख्याल रखूंगी। चिंता मत कीजिए… मैं बहुत मजबूत हूं, क्योंकि मुझे पता है कि भले आप मेरे पीछे नहीं हैं, पर हमेशा मेरे साथ हैं।”
गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में पवित्र रिश्ता में वर्षा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री प्रिया मराठे का भी 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं और मुंबई के मीरा रोड स्थित अपने घर पर उनका निधन हुआ था।
प्रार्थना बेहरे के इस पोस्ट पर उनके फैंस और इंडस्ट्री के साथी कलाकारों ने दुख जताते हुए उन्हें हिम्मत बनाए रखने की दुआ दी है।
Keywords: Prarthana Behere Father Death, Pavitra Rishta Actress, Road Accident 2025, Prarthana Behere Emotional Post

