सूर्य का प्रकाश अंधकार को मिटाकर पूरी दुनिया को रोशनी से भर देता है। सूरज हमारी जिंदगी की असली ऊर्जा है यह न सिर्फ धरती को उजाला देता है, बल्कि हमारे शरीर और मन दोनों के लिए बेहद फायदेमंद होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में सबसे पहले सूरज कहाँ उगता है? चलिए आपको बताते हैं उस खास जगह के बारे में जहाँ सूरज की पहली किरण सबसे पहले पहुंचती है।
भारत में सबसे पहले सूर्योदय अरुणाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव डोंग में होता है। यह गाँव भारत के सबसे पूर्वी जिले अंजॉ में स्थित है, जो चीन और म्यांमार की सीमा के पास है। अपनी खास भौगोलिक स्थिति की वजह से यह जगह देश का पहला ऐसा पॉइंट बन जाती है जहाँ सूरज की पहली किरण धरती को छूती है। इसलिए डोंग गांव को भारत का पहला सूर्योदय स्थल कहा जाता है।
सुंदर और शांत
यह गांव अपनी खूबसूरती और शांत माहौल के लिए भी मशहूर है। हर साल यहाँ कई लोग सिर्फ इस नज़ारे को देखने आते हैं जब पहाड़ों के पीछे से सुनहरी किरणें झांकती हैं, आसमान हल्का गुलाबी हो जाता है और पूरा इलाका चमक उठता है। वह पल वाकई जादुई होता है।
इस महीने में सुंदर नजारा
डोंग गांव घूमने का सबसे अच्छा समय अप्रैल से अक्टूबर के बीच होता है। इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और ट्रेकिंग या घूमने का मज़ा दोगुना हो जाता है। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता, साफ-सुथरी हवा और स्थानीय लोगों की सादगी हर किसी को अपना दीवाना बना देती है।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि जब भारत के ज़्यादातर हिस्सों में लोग अभी नींद में होते हैं, तब डोंग गांव सुबह 4:00 बजे ही सूरज की रोशनी से जगमगा उठता है। यानी यहां नया दिन बाकी देश से करीब एक घंटे पहले शुरू हो जाता है।
डोंग गांव सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि यह हमें यह एहसास कराता है कि प्रकृति कितनी अनोखी है। यहां की सुबहें न सिर्फ खूबसूरत होती हैं बल्कि उम्मीद, ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक भी हैं। तो अगर आप कभी भारत का सबसे पहला सूर्योदय देखना चाहते हैं, तो अरुणाचल प्रदेश का डोंग गांव आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए।
Keywords: First Sunrise In India, Dong Village, Arunachal Pradesh, Sunrise Point

