देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों में 31 मई तक ओलावृष्टि, धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं, अगले दो से तीन दिनों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम पूरी तरह अनुकूल हो गया है।
कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को देश के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और गोवा शामिल हैं। इन इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि बिहार और झारखंड में आंधी की रफ्तार 50 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र में 30 मई को भारी बारिश, कोंकण-गोवा में 31 मई को बारिश और गुजरात में 31 मई से 2 जून के बीच कई जगहों पर तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
कई राज्यों में बारिश और आंधी का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में 1 से 4 जून के बीच बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 मई से 3 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कर्नाटक, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में भी बारिश होने के आसार हैं।
गर्मी से राहत के संकेत, कई राज्यों में तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 30 मई तक अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं गुजरात में 4 जून तक तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम होने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में 4 जून 2026 तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। पिछले 24 घंटों में बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान में बारिश दर्ज की गई। हालांकि कई राज्यों में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 47.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Keywords: Weather Alert India, Monsoon Progress India, Heatwave Relief India Temperature Drop

