टीवी का पॉपुलर शो ‘भाग्य लक्ष्मी’ अब ऑफ एयर हो चुका है, जिससे दर्शकों में निराशा की लहर दौड़ गई है।अब शो की लीड एक्ट्रेस ऐश्वर्या खरे ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा ,
“अब सब भाग्य भरोसे, #signingoff बाय।”
इस पोस्ट के ज़रिए ऐश्वर्या ने अपने फैन्स, को-स्टार्स और पूरी टीम का दिल से आभार व्यक्त किया और इस यात्रा को बेहद खास बताया।
अब खबरें हैं कि ऐश्वर्या खरे एक नई रियलिटी सीरीज़ ‘छोरियां चली गाँव’ का हिस्सा बनने जा रही हैं। यह शो एक अनोखा कांसेप्ट लेकर आ रहा है, जिसमें शहरी लड़कियाँ ग्रामीण जीवन में खुद को ढालने की कोशिश करती नजर आएंगी। इस शो को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह है। ऐश्वर्या के इस पोस्ट से यही अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपनी नई यात्रा की तरह वो निकल चुकी हैं।
एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक, इस शो में ऐश्वर्या के अलावा टीवी इंडस्ट्री की कई और चर्चित हसीनाओं के जलवे देखने को मिलेंगे। खबरों की माने तो शो ‘छोरियां चली गाँव’ में अनीता हसनंदानी और पूजा गौर भी नजर आ सकती हैं। दोनों की वापसी को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं, खासकर अनीता जो लंबे समय से स्क्रीन से दूर थीं।
इसके अलावा, द कपिल शर्मा शो की मशहूर जुड़वाँ बहनें चिंकी-मिंकी (सुरभि और समृद्धि) भी अब अलग-अलग रास्ते पर अपने करियर को नई दिशा देने के लिए तैयार हैं। पहले दोनों बहनें एक साथ मंच साझा करती थीं, लेकिन अब दोनों ने व्यक्तिगत प्रोजेक्ट्स की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। सुरभि और समृद्धि ने पोस्ट कर लिखा, “भारी दिल से हम अब एक जोड़ी के रूप में अपने रास्ते अलग कर रहे हैं। हमने यह निर्णय लिया है कि अब से हम अपनी-अपनी ज़िंदगियों की नई यात्रा को अकेले-अकेले आगे बढ़ाएंगे”।
लगता है ये दोनों बहने भी अपने नए सफर के लिए रवाना हो गई हैं।
‘छोरियां चली गाँव’ जैसी ताज़ा और हटके रियलिटी सीरीज़ ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि यह नया शो क्या धमाल मचाता है और इन चर्चित चेहरों को किस अवतार में देखा जाएगा।

