बॉलीवुड की सुपरस्टार दीपिका पादुकोण हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम स्टार से सम्मानित होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बन गई हैं। यह सम्मान उन्हें वर्ष 2026 की क्लास के लिए चुना गया है, जिसमें उनके साथ कई अंतरराष्ट्रीय सितारे भी शामिल हैं।
बुधवार को हॉलीवुड में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दीपिका पादुकोण का नाम उन हस्तियों की सूची में घोषित किया गया, जिन्हें वॉक ऑफ फेम पर सितारे से नवाजा जाएगा। इस सूची में अमेरिकी सिंगर माइली साइरस, हॉलीवुड एक्टर टिमोथी चालमेट, एक्ट्रेस एमिली ब्लंट, फ्रेंच एक्ट्रेस मैरियन कोटिलार्ड, कनाडाई स्टार रैचेल मैकएडम्स, इटैलियन अभिनेता फ्रैंको नीरो और फेमस सेलेब्रिटी शेफ गॉर्डन रामसे का नाम भी शामिल है।
वॉक ऑफ फेम सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन और वॉर्नर ब्रदर्स टेलीविजन के पूर्व सीईओ पीटर रोथ ने कहा, “हम 2026 की क्लास के लिए चुने गए 35 प्रतिष्ठित नामों की घोषणा करते हुए गर्व महसूस कर रहे हैं। इन सभी ने एंटरटेनमेंट वर्ल्ड में अद्भुत योगदान दिया है और यह सम्मान उनके काम को सलाम करता है।”
जैसे ही यह खबर सामने आई, दीपिका के फैंस खुशी से झूम उठे और सोशल मीडिया पर अभिनेत्री को बधाइयों की बाढ़ आ गई। सभी ने दीपिका के इस ऐतिहासिक मुकाम पर गर्व जताया।
दीपिका पादुकोण का हॉलीवुड सफर
साल 2017 में दीपिका ने हॉलीवुड में फिल्म XXX: रिटर्न ऑफ ज़ेंडर केज से डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने हॉलीवुड स्टार विन डीज़ल के साथ स्क्रीन शेयर की थी। इसके बाद वह कई अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म्स जैसे मेट गाला और कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी अपने स्टाइल और प्रेजेंस से चर्चा में रहीं।
दीपिका टाइम मैगज़ीन की 100 सबसे प्रभावशाली हस्तियों की लिस्ट में भी शामिल रह चुकी हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो दीपिका जल्द ही पैन-इंडिया ब्लॉकबस्टर कल्कि 2898 एडी के दूसरे पार्ट में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ प्रभास, अमिताभ बच्चन और कमल हासन जैसे बड़े सितारे हैं।
इसके अलावा, वह डायरेक्टर एटली की अगली फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ भी लीड रोल निभाते नजर आएंगी, जिसका वर्किंग टाइटल AA22xA6 है। साथ ही, दीपिका एक बार फिर शाहरुख खान के साथ उनकी फिल्म किंग में स्क्रीन शेयर करेंगी।

