Bangladesh Sharif Osman Hadi Murder: बांग्लादेश के चर्चित युवा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शरीफ उस्मान बिन हादी की हत्या को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की डिटेक्टिव ब्रांच के मुताबिक, ये हत्या किसी निजी दुश्मनी का मामला नहीं था। साफ है कि हादी की खुली राजनीतिक सक्रियता और लगातार की गई आलोचनाओं ने उन्हें कट्टरपंथी राजनीतिक गुटों के निशाने पर ला दिया। अतिरिक्त आयुक्त मोहम्मद शफीकुल इस्लाम ने साफ तौर पर कहा कि ये मामला राजनीतिक बदले का है। चार्जशीट में 17 आरोपियों के नाम हैं। इनमें से 12 पुलिस की गिरफ्त में हैं, बाकी फरार हैं। पुलिस ने दावा किया कि उनके पास कॉल डिटेल्स, गवाहों के बयान और आरोपियों की कबूलनामे जैसे सबूत हैं, जो चार्जशीट को मजबूत बनाती हैं।
अवामी लीग और छात्र लीग पर लगे गंभीर आरोप
जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश में अवामी लीग और उसकी छात्र इकाई छात्र लीग से जुड़े लोगों का हाथ था। हादी ने कई बार सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर अवामी लीग और छात्र लीग के खिलाफ खुलकर बोला था। पुलिस कहती है कि उनके इन बयानों से छात्र लीग के नेता-कार्यकर्ता भड़क गए और उनके खिलाफ एकजुट हो गए। चार्जशीट में साफ लिखा है कि आरोपियों की राजनीतिक पृष्ठभूमि और हादी के पुराने बयानों को जोड़कर देखें, तो ये साफ है कि हत्या सोच-समझकर और एक मकसद के साथ की गई। ये मामला बांग्लादेशी राजनीति में छात्र संगठनों की हिंसा और उनकी भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाता है।
हमले की साजिश के पीछे कौन?
पुलिस ने जांच के दौरान हत्या की पूरी कड़ी जोड़ ली है। उनके मुताबिक, मुख्य आरोपी फैसल करीम मसूद, जो शूटर था और सीधे छात्र लीग से जुड़ा था। हत्या की पूरी प्लानिंग पल्लबी थाना के पूर्व काउंसलर और युवा लीग नेता तैजुल इस्लाम चौधरी बप्पी के इशारे पर हुई। चार्जशीट में ये भी बताया गया है कि बप्पी ने सिर्फ निर्देश ही नहीं दिए, बल्कि हमले के बाद मसूद और एक और आरोपी आलमगीर शेख को फरार होने में भी मदद की। ढाका में हुए हमले में हादी बुरी तरह घायल हो गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, लेकिन वहां उनकी मौत हो गई।
कौन थे उस्मान हादी?
32 साल के शरीफ उस्मान हादी सिर्फ राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं थे। जुलाई-अगस्त 2024 के छात्र आंदोलन के वो सबसे बड़े चेहरे थे, उसी आंदोलन ने शेख हसीना की सरकार की नींव हिला दी थी। हादी ‘इंकलाब मंच’ के प्रवक्ता थे और युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही थी। पुलिस के मुताबिक, हादी 12 फरवरी 2026 के आम चुनाव में ढाका-8 सीट से स्वतंत्र उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे थे। उनकी बढ़ती राजनीतिक स्वीकार्यता भी उनकी हत्या का एक बड़ा कारण बन गई थी। उनके समर्थकों की नजर में हादी बदलाव और नई राजनीति की पहचान बन चुके थे।
विरोध प्रदर्शन देख पुलिस ने दायर की चार्जशीट
गृह मामलों के सलाहकार जहांगीर आलम चौधरी ने पहले इशारा दिया था कि चार्जशीट 7 जनवरी 2026 को दाखिल होगी। लेकिन ढाका में ‘इंकलाब मंच’ और हादी के समर्थकों के लगातार विरोध को देखते हुए पुलिस ने चार्जशीट 6 जनवरी 2026 को ही कोर्ट में जमा कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सारे सबूत मजबूत हैं। अब ये मामला सिर्फ अपराध की जांच तक सीमित नहीं है, ये बांग्लादेश में चुनाव से पहले राजनीतिक स्थिरता और कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी परीक्षा बन चुका है। अब सबकी नजर कोर्ट की कार्रवाई और सरकार के अगले कदम पर है कि ये मामला देश की राजनीति को किस दिशा में ले जाता है।
Keywords: Bangladesh Politics, Sharif Osman Hadi Murder, Dhaka Metropolitan Police, Bangladesh Elections 2026

