तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान के सुप्रीम लीडर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब मोजतबा ईरान के सर्वोच्च नेता बन गए हैं। मोजतबा खामेनेई को ऐसे समय में चुना गया है, जब इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर भीषण आक्रमण किया है। ईरान और इजरायल के बीच जारी टकराव अब खाड़ी क्षेत्र तक फैलता नजर आ रहा है। अमेरिकी सैन्य मौजूदगी वाले देशों जैसे दुबई, कुवैत, बहरीन, कतर और ओमान के आसपास भी तनाव बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिसाइल हमलों और एयर डिफेंस सिस्टम की सक्रियता से कई जगहों पर आसमान धधकता दिखाई दिया।
वहीं, व्हाइट हाउस से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कड़े निर्देशों ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है। इसी बीच एक अहम जानकारी सामने आई है कि तेहरान में लगे हजारों निगरानी कैमरे लंबे समय से साइबर सेंध का शिकार थे। इतना ही नहीं, यह भी दावा किया जा रहा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की गतिविधियों पर भी इजरायल की खुफिया नजर बनी हुई थी।
जानें कौन हैं मोजतबा खामेनेई
मोजतबा खामेनेई ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के पुत्र हैं। उनकी उम्र करीब 56 वर्ष बताई जाती है और वे शिया धर्मगुरु के रूप में जाने जाते हैं। माना जाता है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के साथ उनके करीबी संबंध रहे हैं, हालांकि उन्होंने कभी कोई आधिकारिक सरकारी पद नहीं संभाला।
औपचारिक पद न होने के बावजूद, ईरान की सत्ता संरचना में उन्हें पर्दे के पीछे प्रभावशाली भूमिका निभाने वाला चेहरा माना जाता रहा है। कई विश्लेषकों का मानना है कि निर्णय प्रक्रिया में उनकी अनौपचारिक पकड़ रही है।
ईरान-इराक युद्ध के दौरान उन्होंने ईरानी सशस्त्र बलों में सेवा दी थी। वर्ष 2019 में अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने उन पर प्रतिबंध लगाते हुए आरोप लगाया था कि वे अपने पिता की ओर से कुछ प्रशासनिक और राजनीतिक मामलों में भूमिका निभा रहे थे, जबकि वे न तो निर्वाचित थे और न ही किसी पद पर औपचारिक रूप से नियुक्त।
Keywords: Mojtaba Khamenei, Iran New Supreme Leader, Khamenei Son, Iran Israel War, US Iran Conflict, Tehran News, Iran Supreme Leader Update, Middle East Tension

