Suvendu Adhikari Oath: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद बीजेपी आज पहली बार राज्य में अपनी सरकार बनाने जा रही है। शनिवार सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण से पहले शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नई सरकार सभी को साथ लेकर काम करेगी और राज्य के विकास पर पूरा ध्यान दिया जाएगा।
बीजेपी में शामिल होने से CM बनने तक का सफर
करीब छह साल पहले शुभेंदु अधिकारी ने बीजेपी का दामन थामा था। उस समय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया था। इसके बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति में तेजी से अपनी मजबूत पहचान बनाई। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया था। वहीं 2026 के चुनाव में भवानीपुर सीट पर जीत के बाद उनका कद और बढ़ गया। लगातार दो बड़े मुकाबलों में ममता बनर्जी को चुनौती देने के कारण शुभेंदु अधिकारी को बीजेपी का मजबूत चेहरा माना जा रहा है।
शपथ समारोह में जुटेंगे कई बड़े नेता
शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी व NDA शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में पद संभालने जा रहे हैं। पार्टी ने यह भी तय किया है कि राज्य में उपमुख्यमंत्री का पद नहीं रखा जाएगा। संभावित मंत्रिमंडल में दिलीप घोष, निशीथ प्रमाणिक, अग्निमित्रा पॉल, रुद्र घोष, दीपक वर्मन, रत्ना देबनाथ और पूर्णिमा चक्रवर्ती जैसे नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी मिल सकती है।
#WATCH | कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने वाला है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 9, 2026
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। pic.twitter.com/M4wdBGxeV9
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर बढ़ा सियासी तनाव
जहां पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां तेज हैं, वहीं तमिलनाडु में TVK प्रमुख विजय की सरकार बनने पर सस्पेंस बना हुआ है। बहुमत के आंकड़े से पार्टी अभी दो विधायकों पीछे बताई जा रही है। VCK के समर्थन को लेकर स्थिति साफ नहीं है। इस बीच AMMK नेता टीटीवी दिनाकरन ने राज्यपाल को पत्र भेजकर TVK पर फर्जी समर्थन पत्र देने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेन्नई पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है। जवाब में TVK ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें AMMK विधायक कामराज समर्थन पत्र लिखते दिखाई दे रहे हैं।
Keywords: Suvendu Adhikari Oath Ceremony, West Bengal BJP Government, TVK Vijay Government Formation

