मुंबई: फिल्म धुरंधर में डकैत रहमान (अक्षय खन्ना) के रसोइए अखलाक का किरदार निभाने वाले अभिनेता नदीम खान को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नदीम पर एक महिला घरेलू कर्मचारी ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण और दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि पिछले करीब दस वर्षों से नदीम उसे शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाता रहा, लेकिन जब भी शादी की बात आती, वह टाल देता था। हाल ही में नदीम ने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस हिरासत में नदीम खान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मालवणी पुलिस ने नदीम खान की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की है। आरोप लगाने वाली महिला नदीम के घर पर घरेलू कर्मचारी के रूप में काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, महिला इससे पहले कई अन्य सेलिब्रिटीज़ के घरों में भी काम कर चुकी है। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नदीम को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
साल 2015 में हुई थी दोनों की मुलाकात
रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला और नदीम की पहली मुलाकात साल 2015 में हुई थी, जब वह उनके घर काम करने जाती थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और महिला ने इस रिश्ते को गंभीर मानते हुए शादी की बात रखी। हालांकि, शादी से इनकार किए जाने के बाद महिला ने पुलिस का रुख किया।
महिला के बयान के बाद पुलिस ने गुरुवार को नदीम खान को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि अब तक इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की ओर से कोई शिकायत सामने नहीं आई है, लेकिन मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है।
Keywords: Nadeem Khan Arrested, Actor Nadeem Khan, Mumbai Police, Bollywood News, Dhurandhar Movie Actor, Bollywood Crime News

