Noida Labour Protest: योगी आदित्यनाथ सरकार ने गौतमबुद्ध नगर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच श्रमिकों को बड़ी राहत दी है। यूपी सरकार ने 1 अप्रैल से कुशल और अकुशल श्रमिकों की मजदूरी में करीब 21% की अंतरिम बढ़ोतरी की है। नोएडा और गाजियाबाद में यह बढ़ोतरी सबसे ज्यादा की गई है। यहां अब अकुशल श्रमिकों का वेतन 13,690 रुपये, अर्ध कुशल का 15,059 रुपये और कुशल श्रमिकों का वेतन 16,868 रुपये तय किया गया है।
यूपी में श्रमिकों के मासिक वेतन की नई दरें तय
उत्तर प्रदेश में श्रमिकों के लिए मासिक और दैनिक मजदूरी की नई दरें निर्धारित कर दी गई हैं। अकुशल श्रमिकों को अब 11,313.65 रुपये मासिक और 435.14 रुपये दैनिक वेतन मिलेगा। अर्धकुशल श्रमिकों के लिए मासिक वेतन 12,446 रुपये और दैनिक 478.69 रुपये तय किया गया है। वहीं, कुशल श्रमिकों को 13,940.37 रुपये मासिक और 536.16 रुपये दैनिक मजदूरी दी जाएगी। सरकार ने 20 हजार रुपये न्यूनतम वेतन की खबरों को गलत बताया है। साथ ही केंद्र सरकार नए श्रम संहिता के तहत पूरे देश में समान न्यूनतम वेतन लागू करने की दिशा में काम कर रही है।
कल नोएडा में हिंसा के बाद प्रशासन सख्त
नोएडा में सोमवार को मजदूरों के प्रदर्शन के दौरान कई जगह तनाव फैल गया। फेज-2 और सेक्टर-62 सहित कई इलाकों में अफवाहों के चलते कुछ लोगों ने वाहनों में तोड़फोड़ की और आगजनी की घटनाएं भी हुईं। स्थिति बिगड़ने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और उपद्रवियों पर सख्ती बरती गई। इसके साथ ही प्रधान सचिव (श्रम) को नोएडा भेजा गया ताकि मजदूरी से जुड़े भ्रम को दूर किया जा सके। जिलाधिकारी मेधा रूपम और अन्य अधिकारियों ने श्रमिक संगठनों के साथ बातचीत शुरू कर हालात को सामान्य करने की कोशिश की।

सरकार ने कहा है कि वह श्रमिकों और उद्योगों दोनों के हितों के बीच संतुलन बनाकर फैसले लेना चाहती है। इसी के तहत न्यूनतम वेतन में अंतरिम बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। सरकार का मानना है कि श्रम संहिता लागू होने के बाद वेतन में और बढ़ोतरी संभव है। भविष्य में वेज बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर नई मजदूरी दरें तय की जाएंगी।
सीएम ने दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के लिए वेतन के साथ-साथ बोनस और भत्तों को लेकर भी भरोसा दिलाया है। उन्होंने महिला श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों और गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
Keywords: UP Wage Hike, Noida Labour Protest, Uttar Pradesh Workers Salary, Yogi Adityanath Labour Policy

