इंडियाज गॉट टैलेंट के सेट पर इस हफ्ते एक बेहद इमोशनल पल देखने को मिला। शो में बतौर गेस्ट पहुंचीं शहनाज गिल एक कंटेस्टेंट का गाना सुनते हुए खुद को संभाल नहीं पाईं और स्टेज पर ही रो पड़ीं। शो का यह प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शहनाज की आंखों से आंसू बहते देख वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो जाते हैं।
दरअसल, एक कंटेस्टेंट ने फिल्म बॉडीगार्ड का मशहूर गीत ‘तेरी मेरी प्रेम कहानी है मुश्किल’ गाया। जैसे ही गाने की लाइन ‘एक-दूजे से हुए जुदा जब एक-दूजे के लिए बने’ आईं, शहनाज खुद को रोक नहीं सकी और भावनाओं में बहकर रोने लगी। उनके चेहरे पर दर्द और यादों का सैलाब साफ झलक रहा था। इस दौरान जज पैनल पर बैठी मलाइका अरोड़ा और नवजोत सिंह सिद्धू भी इमोशनल हो गए।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही फैंस ने शहनाज के लिए प्यार और दुआओं की बौछार कर दी। एक यूज़र ने लिखा, “वाहेगुरु आपकी रक्षा करें शहनाज।” वहीं दूसरे ने कमेंट किया, “मिस यू सिड, लव यू शहनाज।” एक और ने लिखा, “मेरा बेबी तू रो, अपने इमोशंस को बाहर निकाल। जब तू चुप रहती है, लोग जज करते हैं, और जब बोलती है तब भी।”
कई लोगों ने लिखा कि शहनाज आज भी सिद्धार्थ शुक्ला की मौत से पूरी तरह उबर नहीं पाई हैं। एक यूज़र ने कहा, “जब इमोशंस सच्चे होते हैं, वो छिपाए नहीं जाते, दिख ही जाते हैं। बस कुछ लोग देखना नहीं चाहते।” किसी ने लिखा, “लोग कहते हैं वो भूल गई सिद्धार्थ को, लेकिन जो सच्चा प्यार करता है, वो कभी नहीं भूलता।” वहीं एक फैन ने लिखा, “या अल्लाह, शहनाज को सब्र दे।”
बता दें कि अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला का निधन 2 सितंबर 2021 को दिल का दौरा पड़ने से हुआ था। उस वक्त खबरें आई थीं कि उन्होंने शहनाज की गोद में आखिरी सांस ली। उस हादसे के बाद शहनाज पूरी तरह टूट गई थीं, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुद को संभाला। उन्होंने ब्रह्मकुमारी संस्थान से जुड़कर आत्मिक शांति पाने की कोशिश की और अपने काम में खुद को व्यस्त कर लिया। एक इंटरव्यू में शहनाज ने कहा था कि उन्होंने अकेले में खुद को संभाला। उनके शब्द थे, “अगर मैं दुनिया के सामने रोती हूं तो लोग कहते हैं कि मैं सहानुभूति बटोर रही हूं, लेकिन किसी को ये नहीं दिखता कि दर्द कितना गहरा है।”
आज भी जब सिद्धार्थ का नाम या उनसे जुड़ी कोई याद सामने आती है, शहनाज की आंखें नम हो जाती हैं। और ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ का यह प्रोमो उस दर्द की सच्ची झलक दिखाता है, जो समय बीतने के बावजूद आज भी उनके दिल में कही गहराई तक बसा है।
Keywords: Shehnaaz Gill, Sidharth Shukla, Indias Got Talent, Teri Meri Prem Kahani

