सलमान खान का चर्चित शो बिग बॉस 19 इस बार जबरदस्त चर्चा के साथ लॉन्च हुआ था। मेकर्स ने दावा किया था कि शो ने भारत का सबसे बड़ा डिजिटल प्रीमियर किया है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले सीज़न की तुलना में इस बार शो को 2.3 गुना ज्यादा रीच और 2.4 गुना ज्यादा वॉच टाइम मिला। इसके बावजूद, टीवी की टीआरपी रेस में बिग बॉस 19 टॉप-10 में एंट्री नहीं कर पाया। BARC रिपोर्ट वीक 34 के अनुसार, शो को 1.3 की रेटिंग और 2.9 मिलियन की रीच मिली है और यह 11वें स्थान पर अटका हुआ है।
अनुपमा ने मारी बाजी
टीवी की टीआरपी रेस की बात करें तो इस बार भी बाज़ी अनुपमा ने मारी है। रुपाली गांगुली स्टारर शो ने 2.4 की रेटिंग और 3.5 मिलियन की रीच के साथ चार्ट में पहला स्थान कायम रखा। लंबे समय से यह शो लगातार दर्शकों की पहली पसंद बना हुआ है।
दूसरे स्थान पर वापसी की है क्योंकि सास भी कभी बहू थी ने। स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय की जोड़ी के साथ यह शो शुरुआत में ही रिकॉर्ड तोड़ दर्शक संख्या लेकर आया था। हालांकि, पिछले दो हफ्तों में इसकी टीआरपी में गिरावट देखी गई और यह तीसरे-चौथे स्थान के बीच झूलता रहा। लेकिन ताज़ा रिपोर्ट में शो ने फिर से मजबूती दिखाते हुए 2 की रेटिंग और 3.2 मिलियन की रीच के साथ दूसरा पायदान हासिल कर लिया है।
तीसरे नंबर पर आया है ये रिश्ता क्या कहलाता है। इस शो को 2 की रेटिंग और 3.3 मिलियन की रीच मिली है। वहीं, चौथे स्थान पर कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा रहा, जिसने 1.9 की रेटिंग और 3 मिलियन की रीच दर्ज की।
दूसरी ओर, अमिताभ बच्चन का क्विज़ शो कौन बनेगा करोड़पति 17 टीआरपी के मामले में पीछे रह गया। इस हफ्ते यह शो सिर्फ 25वें स्थान पर पहुंचा। इसकी रेटिंग 0.8 रही और रीच 2.6 मिलियन तक सीमित रही।
प्रसारण की बात करें तो अनुपमा और क्योंकि सास भी कभी बहू थी रोजाना स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध हैं। कौन बनेगा करोड़पति 17 सोमवार से शुक्रवार सोनी टीवी पर आता है। वहीं बिग बॉस 19 इस बार डिजिटल-फर्स्ट सीज़न है, जिसके ताज़ा एपिसोड रात 9 बजे जियोहॉटस्टार पर और 10:30 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित होते हैं।
कुल मिलाकर, इस हफ्ते की BARC रिपोर्ट बताती है कि भले ही नए शोज़ का डिजिटल प्रदर्शन दमदार हो, लेकिन टीवी दर्शकों के दिलों पर अनुपमा और क्योंकि सास भी कभी बहू थी जैसी कहानियों का जादू अब भी बरकरार है।
Keywords- BARC TRP Report Week 34, Bigg Boss 19 rating, Anupamaa latest TRP, Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi rating, Yeh Rishta Kya Kehlata Hai TRP this week, Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah TRP 2025, KBC 17 TRP this week

