एलियंस के अस्तित्व को लेकर दुनिया भर में चर्चा कोई नई बात नहीं है। कभी किसी अज्ञात उड़न तश्तरी (UFO) के दिखने की खबर आती है, तो कभी किसी वैज्ञानिक का दावा सुर्खियों में छा जाता है। इस बार चर्चा में है एक रहस्यमयी अंतरिक्षीय ऑब्जेक्ट, 3I/ATLAS, जो इस वक्त पृथ्वी की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। इसे सबसे पहले चिली के टेलीस्कोप ने देखा था, और अब वैज्ञानिक इसके असली स्वरूप को लेकर उलझन में हैं। कुछ इसे एक विशाल क्षुद्रग्रह(asteroid) बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि यह एलियंस का वाहन भी हो सकता है। इसकी गति करीब 60 किलोमीटर प्रति सेकंड है और आकार लगभग 20 किलोमीटर बताया जा रहा है।
हार्वर्ड वैज्ञानिक का दावा – “यह एलियन का जहाज हो सकता है”
इस रहस्यमयी वस्तु पर स्टडी करने वाले वैज्ञानिक का नाम है एवी लोएब, जो हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में अस्ट्रोनॉमर हैं। लोएब लंबे समय से इस बात पर जोर देते रहे हैं कि पृथ्वी पर एलियंस का हमला होना संभव है। उनके मुताबिक, 3I/ATLAS का रास्ता सामान्य स्ट्रोइड्स जैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि “यह जिस ऑर्बिट में चल रहा है, वह किसी कृत्रिम यान जैसी है, जो हमारे ग्रह की ओर बढ़ रहा है।” उनकी टीम में एडम हिबर्ड और एडम क्राउल जैसे वैज्ञानिक भी शामिल हैं। उनका मानना है कि नवंबर 2025 तक यह ऑब्जेक्ट सूर्य के बेहद करीब पहुंच जाएगा और फिर अचानक पृथ्वी से अदृश्य हो जाएगा, जिससे यह बिना पता चले कोई हमला भी कर सकता है।
“संभावना है, पर पक्की बात नहीं”
हालांकि सभी वैज्ञानिक एवी लोएब से सहमत नहीं हैं। कई एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह बस एक साधारण एस्ट्रोइड हो सकता है जो अंतरिक्ष की अजीब गति और दिशा के कारण रहस्यमय लग रहा है। फिर भी, इस ऑब्जेक्ट की रफ्तार और व्यवहार इतना असामान्य है कि वैज्ञानिक इसे गहराई से ट्रैक और स्टडी कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर लोएब की थ्योरी सच निकली, तो यह मानवता के लिए अब तक की सबसे बड़ी खोज या सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकता है। इस वजह से दुनियाभर की स्पेस एजेंसियां इस पर नज़र रख रही हैं।
पहले भी कर चुके हैं ऐसे दावे
यह पहली बार नहीं है जब एवी लोएब ने ऐसा दावा किया हो। 2017 में उन्होंने “ओउमुआमुआ (ʻOumuamua)” नाम के एक एस्ट्रोइड को लेकर भी कहा था कि वह एलियंस का जहाज हो सकता है। बाद में वैज्ञानिकों ने उसे एक साधारण स्पेस रॉक बताया। लेकिन लोएब का मानना है कि उस समय भी वैज्ञानिकों ने सच्चाई को नजरअंदाज किया था। चाहे उनके दावे सच हों या न हों, एक बात तय है, ब्रह्मांड अब भी अनगिनत रहस्यों से भरा है, और “3I/ATLAS” शायद उनमें से सबसे ताजा पहेली बन चुका है। अब सबकी निगाहें नवंबर 2025 पर हैं, जब यह ऑब्जेक्ट सूर्य के नजदीक पहुंचेगा और शायद अपने रहस्य का पर्दाफाश करेगा।
Keywords: Alien Attack, Avi Loeb, Harvard Scientist, Mysterious Object, UFO, Space Research

